जबलपुर: शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के संकल्प के साथ नगर निगम लगातार कार्यवाही कर रहा है। निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार के निर्देशानुसार स्वच्छता को लेकर कार्यवाही की जा रही है। इसी कड़ी में संभाग क्रमांक 15 और संभाग क्रमांक 16 के संयुक्त दल द्वारा कटंगी बायपास क्षेत्र एवं संभाग क्रमांक 10 में कार्रवाई की गयी। यहाँ व्यावसायिक गतिविधियों के दौरान नियमों का उल्लंघन कर गंदगी फैलाने और प्रतिबंधात्मक पॉलीथिन का उपयोग करने वाले व्यापारियों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई।
इस संयुक्त कार्रवाई में निगम की स्वच्छता टीम ने पूरी सजगता दिखाई। मौके पर उपस्थित अधिकारियों ने न सिर्फ नियमों का उल्लंघन करने वालों पर जुर्माना लगाया, बल्कि उन्हें डस्टबिन का उपयोग करने और कचरा सडक़ों पर न फेंकने की समझाइश भी दी। 15 चालान काटे गए और 8,200 का अर्थदंड वसूला गया। लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
नगर निगम प्रशासन ने सभी व्यापारियों से अपील की है कि वे अपनी दुकानों के बाहर अनिवार्य रूप से डस्टबिन रखें और जबलपुर को नंबर-1 बनाने में अपना सहयोग दें तथा प्रतिबंधात्मक पॉलीथिन का उपयोग न करें। कार्यवाही के समय मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक अनंत दुबे, अनिल मिश्रा, प्रभारी स्वास्थ्य निरीक्षक किशन दुबे, श्रीमती प्रियंका एवं स्वच्छता टीम उपस्थित रही।
