बेल नदी में मिला लापता युवक का शव

छिंदवाड़ा. लावाघोघरी थाना क्षेत्र में चार दिनों से लापता 23 वर्षीय युवक का शव रविवार को बेल नदी से मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। जानकारी के अनुसार बिछुआ-बैतूल गांव निवासी शिवम कुशराम 23 साल पिता धन्नूलाल कुशराम, बीते 2 जुलाई की शाम करीब 5.30 बजे अचानक लापता हो गया था। परिजनों ने पहले अपने स्तर पर उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर उन्होंने नदी के तेज बहाव में बह जाने की आशंका जताते हुए लावाघोघरी थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों और ग्रामीणों की मदद से बेल नदी एवं आसपास के क्षेत्रों में लगातार चार दिनों तक सघन सर्च अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद बेल नदी के बीच युवक का शव बरामद किया गया। पुलिस ने मौके पर पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।

मौत के कारणों को तलाश रही पुलिस ०००००

पुलिस के अनुसार फिलहाल मौत के कारण स्पष्ट नहीं हैं। जांच टीम यह पता लगाने में जुटी है कि युवक किन परिस्थितियों में नदी तक पहुंचा और घटना के समय उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति मौजूद था या नहीं। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि मामला दुर्घटना का है, आत्महत्या का है या फिर इसके पीछे कोई आपराधिक साजिश है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर ही मौत की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।

पुलिस कर रही पूछताछ ००००००

घटनास्थल से आवश्यक वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं तथा परिजनों और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच निष्पक्ष और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है। पुलिस का कहना है मामले में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Next Post

रक्षा समझौतों, सैन्य उत्पादन पर चर्चा के साथ अंकारा में नाटो शिखर सम्मेलन की शुरुआत

Tue Jul 7 , 2026
अंकारा, 07 जुलाई (वार्ता) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप मंगलवार को नाटो शिखर सम्मेलन के लिए तुर्की की राजधानी अंकारा पहुंच गये। इस सम्मेलन के रक्षा व्यय, सैन्य उत्पादन और गठबंधन की औद्योगिक क्षमता को बढ़ाने की कोशिशों पर केंद्रित होने की संभावना है। इसके साथ ही मेजबान तुर्की संयुक्त […]

You May Like