
सिंगरौली। माड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत रैला स्थित कुड़िया नदी के पास सोमवार को कोयला परिवहन के दौरान हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। हादसे से आक्रोशित ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर एकत्र हो गए और सड़क पर चक्काजाम कर दिया। ग्रामीणों ने कोयला परिवहन व्यवस्था को इस दुर्घटना के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई, मृतका के परिजनों को उचित मुआवजा तथा सुरक्षित परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना के बाद महिला पार्वती शाह पति नेतलाल शाह उम्र 40 वर्ष निवासी चौरा की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की खबर फैलते ही आसपास के गांवों के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई और ग्रामीणों ने सड़क पर बैठकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। चक्काजाम के कारण मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। घटना की सूचना मिलते ही माड़ा थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों से शांतिपूर्ण ढंग से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया। प्रशासन की ओर से ग्रामीणों को आश्वस्त किया गया कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में प्रतिदिन बड़ी संख्या में कोयले से लदे भारी वाहन गुजरते हैं, जिससे लगातार दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। उनका आरोप है कि तेज रफ्तार और अव्यवस्थित कोयला परिवहन के कारण पहले भी कई हादसे हो चुके हैं, लेकिन संबंधित विभाग और कंपनी प्रबंधन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया। ग्रामीणों ने कहा कि यदि समय रहते प्रभावी व्यवस्था नहीं बनाई गई तो भविष्य में भी ऐसे हादसे होते रहेंगे।
००००
बॉक्स
मुआवजे पर अड़े रहे परिजन
प्रदर्शन कर रहे लोगों ने मृतका के आश्रित परिवार को आर्थिक सहायता, सरकारी योजना के तहत मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को रोजगार तथा कोयला परिवहन के लिए सुरक्षित और नियंत्रित व्यवस्था लागू करने की मांग की। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाएगा, तब तक आंदोलन जारी रखने पर विचार किया जाएगा। समाचार लिखे जाने तक प्रशासन और ग्रामीणों के बीच वार्ता जारी थी। मौके पर पुलिस बल तैनात रहा और अधिकारियों द्वारा हालात पर लगातार नजर रखी जा रही थी। पुलिस ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है तथा जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं पूरे घटनाक्रम के चलते क्षेत्र में तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण की स्थिति बनी हुई है।
