
सिंगरौली । एनएच-39 से सटे न्यायालय पहुंच मार्ग की हालत इन दिनों बेहद खराब हो गई है। बरसात के कारण सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढों में पानी भर जाने से पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। राहगीरों और वाहन चालकों को रोजाना भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
यह मार्ग अपर जिला सत्र न्यायालय तक पहुंचने का मुख्य रास्ता है, जहां प्रतिदिन हजारों की संख्या में वकील, पक्षकार, कर्मचारी और आम नागरिक आते-जाते हैं। इसी मार्ग से न्यायाधीशों का भी नियमित आवागमन होता है। इसके बावजूद सड़क की जर्जर स्थिति लंबे समय से बनी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के दौरान गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। पैदल चलने वालों के लिए भी यह मार्ग जोखिम भरा हो गया है। इतना ही नहीं देवसर टाउन की अधिकांश सड़के भी खस्ता हाल में हैं। नगर के कई प्रमुख मार्गों पर गड्ढे, उखड़ी हुई सड़के और जलभराव आम बात हो गई है। बरसात के मौसम में लोगों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि लंबे समय से सड़क मरम्मत की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक स्थिति में कोई विशेष सुधार नहीं हुआ है। स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग और प्रशासन से मांग की है कि न्यायालय पहुंच मार्ग सहित देवसर टाउन की सभी जर्जर सड़कों की तत्काल मरम्मत कर गड्ढों को भरा जाए, ताकि राहगीरों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
