चिन्हित, जघन्य एवं सनसनीखेज प्रकरणों की समन्वय बैठक

नीमच। पुलिस कंट्रोल रूम, नीमच में पुलिस अधीक्षक श्री राजेश व्यास (आई.पी.एस.) की अध्यक्षता में चिन्हित, जघन्य एवं सनसनीखेज प्रकरणों की समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती हेमलता अग्रवाल, अभियोजन विभाग से एडीपीओ श्री विवेक सोमानी, श्री पारस मित्तल एवं सहायक ग्रेड मोहम्मद साजिद तथा पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

बैठक में पुलिस अधीक्षक द्वारा चिन्हित प्रकरणों के प्रभावी पर्यवेक्षण एवं समयबद्ध निराकरण हेतु प्रत्येक चिन्हित प्रकरण के लिए नोडल अधिकारी एवं सहायक नोडल अधिकारी की भूमिका को स्पष्ट करते हुए आवश्यक निर्देश प्रदान किए गए। सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया कि थानेवार चिन्हित प्रकरणों का पृथक रजिस्टर निर्धारित प्रारूप में अद्यतन रूप से संधारित किया जाए तथा प्रत्येक प्रकरण की प्रगति का नियमित रूप से अंकन किया जाए।

पुलिस अधीक्षक द्वारा निर्देश दिए गए कि जिन नोडल अधिकारियों द्वारा चिन्हित प्रकरणों के रजिस्टर का समुचित संधारण नहीं किया जा रहा है, उनसे स्पष्टीकरण प्राप्त किया जाए। वहीं जिन अधिकारियों द्वारा रजिस्टर का उत्कृष्ट एवं व्यवस्थित संधारण किया जा रहा है, उन्हें प्रशंसा-पत्र प्रदान कर प्रोत्साहित किया जाए।

बैठक में यह भी निर्देशित किया गया कि चिन्हित प्रकरणों में दोषसिद्धि (सजा) होने पर संबंधित विवेचक, अभियोजन अधिकारी एवं संबंधित नोडल अधिकारी को प्रशंसा प्रदान की जाए। साथ ही प्रत्येक चिन्हित प्रकरण के प्रभावी अनुश्रवण, अभिलेखों के संधारण एवं आवश्यक समन्वय के लिए सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किए जाने के निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान एडीपीओ श्री पारस मित्तल द्वारा भी चिन्हित, जघन्य एवं सनसनीखेज प्रकरणों में प्रभावी पैरवी, अभियोजन एवं पुलिस के मध्य बेहतर समन्वय, साक्ष्यों के सुव्यवस्थित संकलन तथा समयबद्ध कार्रवाई के संबंध में विस्तार से चर्चा करते हुए आवश्यक सुझाव एवं मार्गदर्शन प्रदान किया गया।

बैठक में चिन्हित, जघन्य एवं सनसनीखेज प्रकरणों की नियमित समीक्षा, समयबद्ध विवेचना, साक्ष्यों के समुचित संकलन एवं अभियोजन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर प्रकरणों के शीघ्र एवं प्रभावी निराकरण पर विशेष बल दिया गया।

Next Post

प्रशासनिक व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए जिले में 9 राजस्व अधिकारियों के तबादले

Mon Jul 6 , 2026
नीमच। प्रशासनिक कार्य सुविधा एवं राजस्व प्रशासन को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने जिले के विभिन्न तहसीलों में पदस्थ प्रभारी तहसीलदार एवं नायब तहसीलदारों के मध्य नवीन पदस्थापना आदेश जारी किए हैं। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है। जारी आदेश के […]

You May Like