
दमोह, जन जागरण सहकारी सप्ताह 2026 के अंतर्गत बुंदेलखंड सहकारी दुग्ध संघ सागर के तत्वावधान में “सहकार से समृद्धि, विकसित मध्य प्रदेश” विषय पर कार्यक्रम प्राथमिक दुग्ध उत्पादक सहकारी समिति मर्यादित, राजलवारी में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सरपंच भरत पटेल थे। अध्यक्षता जिला प्रबंधक दुग्ध शीत केंद्र दमोह दिनेश कुमार मांझी ने की। पूर्व सरपंच परशुराम पटेल, द्वारका पटेल और भरत चौबे विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला सहकारी संघ के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संजीव दुबे ने किया।
संजीव दुबे ने दुग्ध सहकारी समितियों के गठन, उद्देश्य और कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी दी। दिनेश कुमार मांझी ने बताया कि दमोह जिले में वर्तमान में 103 दुग्ध सहकारी समितियां कार्यरत हैं, जिनसे 2575 सदस्य जुड़े हैं। इन समितियों से प्रतिदिन लगभग 11 हजार लीटर दूध का संकलन हो रहा है। उन्होंने कहा कि दुग्ध संघ द्वारा समितियों के सदस्यों को शीघ्र बोनस का वितरण भी किया जाएगा।
मांझी ने बताया कि मध्य प्रदेश शासन द्वारा डेयरी व्यवसाय के लिए कामधेनु योजना और आचार्य विद्यासागर योजना चलाई जा रही हैं, जिनमें 25% से 33% तक अनुदान मिलता है। उन्होंने लोगों से इन योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।
कार्यक्रम में टीकाराम पटेल, मुरलीधर, शंकर सिंह, लखन लाल चौबे, ओमकार चौबे, दुर्गेश अहिरवार, अशोक रैकवार सहित समिति सदस्य और किसान उपस्थित थे। आभार प्रदर्शन शालगराम अठ्या, सुपरवाइजर ने किया।
