दिल्ली और कोच्चि से मुंबई जा रही दो उड़ानें इंदौर डायवर्ट

इंदौर: मुंबई में खराब मौसम और प्रतिकूल उड़ान परिस्थितियों के कारण रविवार को मुंबई जाने वाले दो विमानों को इंदौर के देवी अहिल्याबाई होलकर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर डायवर्ट करना पड़ा. दोनों विमानों की इंदौर में सुरक्षित लैंडिंग कराई गई. विमान में सवार सभी यात्री और चालक दल के सदस्य सुरक्षित हैं.पहली उड़ान एयर इंडिया की फ्लाइट एआई 2963 थी, जो दिल्ली से मुंबई जा रही थी. मुंबई में खराब मौसम के कारण विमान को निर्धारित गंतव्य पर उतारना संभव नहीं होने से सुबह 11.10 बजे इंदौर डायवर्ट किया गया.

इस विमान में 105 यात्री और एक शिशु (कुल 106 लोग) सवार थे. वहीं दूसरी उड़ान इंडिगो की फ्लाइट 6ई662 थी, जो कोच्चि (कोचीन) से मुंबई के लिए रवाना हुई थी. इसे भी मुंबई में खराब मौसम के कारण सुबह 11.08 बजे इंदौर एयरपोर्ट पर उतारा गया. इस विमान में 137 यात्री सवार थे. दोनों विमानों के इंदौर पहुंचने के बाद यात्रियों को एयरलाइन और एयरपोर्ट प्रबंधन की ओर से आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं. मौसम में सुधार होने के बाद संबंधित एयरलाइंस द्वारा उड़ानों को मुंबई के लिए रवाना करने का निर्णय लिया जाएगा. एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार, खराब मौसम के चलते मुंबई हवाई अड्डे पर उड़ानों के संचालन पर असर पड़ा, जिसके कारण एहतियात के तौर पर इन विमानों को इंदौर डायवर्ट किया गया. मौसम सामान्य होने के बाद ही आगे की उड़ानें संचालित की जाएंगी.

ऐसा क्यों
जब किसी एयरपोर्ट पर तेज बारिश, कम दृश्यता, आंधी या रनवे पर सुरक्षित लैंडिंग की स्थिति नहीं होती, तब एयर ट्रैफिक कंट्रोल विमान को नजदीकी वैकल्पिक एयरपोर्ट पर उतारने का निर्देश देता है. मौसम सामान्य होने के बाद विमान अपने निर्धारित एयरपोर्ट के लिए रवाना किया जाता है.

Next Post

यह मेरा आखिरी विश्वकप होगा: क्रिस्टियानो रोनाल्डो

Mon Jul 6 , 2026
टेक्सास, 06 जुलाई (वार्ता) पुर्तगाल के स्टार फुटबॉल खिलाड़ी क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने रविवार को कहा कि यह उनका आखिरी विश्व कप होगा। सोमवार को टेक्सास के अर्लिंग्टन में होने वाले राउंड ऑफ 16 के मुकाबले में पुर्तगाल के स्पेन के साथ होने वाले मुकाबले से पहले रोनाल्डो ने संवाददाता सम्मेलन […]

You May Like