
जबलपुर। गुजरात से बेटी की अस्थियां लेकर जबलपुर पहुंची मां ने सीधे पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर दामाद पर बेटी को ट्रेन के आगे धकेलकर हत्या करने का आरोप लगाया है। साथ ही न्याय की गुहार लगाई है।
जानकारी के अनुसार ग्राम पौड़ा निवासी पिंकी नामदेव का विवाह 2014 में कटनी में रहने वाले महेंद्र नामदेव से हुआ था । शादी के बाद उनके दो बच्चे हुए। परिवार 2018 में गुजरात के वलसाड चला गया था। 30 जून को ट्रेन से कटकर पिंकी की मौत हो गई। बेटी की अस्थियां लेकर जबलपुर पहुंची मृतिका की मां लक्ष्मी नामदेव ने आरोप लगाया कि गुजरात के वलसाड में उनके दामाद ने बेटी को ट्रेन के सामने धक्का देकर मार डाला है। आरोप लगाया कि गुजरात जाने के बाद दामाद को शराब की लत लग गई थी वे पिंकी के साथ आए दिन मारपीट करता था। पति से अलग एक किराए के मकान में रहने लगी थी और एक कंपनी में काम भी करती थी। 30 जून की शाम जब पिंकी ड्यूटी खत्म कर कंपनी से बाहर निकली वहां महेंद्र मिला। उसने पिंकी के साथ मारपीट की थी। इसके बाद उसे रेलवे ट्रैक की तरफ ले गया जहां ट्रेन के सामने उसे धक्का देकर मार डाला । उसने सोची-समझी साजिश के तहत हत्या की है। मौत की सूचना पर परिजन पहुंचे जहां 2 जुलाई को वलसाड में पिंकी का अंतिम संस्कार हुआ था। इसके बाद मां अस्थियां लेकर जबलपुर आ गई और पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत करते हुए न्याय की गुहार लगाई। इसके बाद खारी घाट में अस्थि विसर्जन किया गया। जबलपुर पुलिस अब गुुजरात पुलिस से संपर्क कर आगे की जांच करेंगी।
