भोपाल के होटल में हथियारों के साथ घुसे 15 बदमाश, CCTV में कैद पूरी वारदात

भोपाल: राजधानी भोपाल के मिसरोद थाना क्षेत्र स्थित बंगरसिया-भोजपुर रोड के जैन ब्रदर्स होटल में शनिवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब 10 से 15 बदमाश तलवार, चाकू, हॉकी और बेसबॉल बैट जैसे हथियारों के साथ होटल में घुस आए। बदमाशों ने होटल में मौजूद चार युवकों पर हमला कर दिया और बीच-बचाव करने पहुंचे होटल के शेफ व अन्य कर्मचारियों के साथ भी मारपीट की। इस दौरान होटल में तोड़फोड़ भी की गई। पूरी घटना होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की पहचान में जुटी है।

हमले में 24 वर्षीय लीलाधर कुशवाहा गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए एम्स भोपाल में भर्ती कराया गया है। मेडिकल रिपोर्ट में धारदार हथियार से गहरे घाव होने का उल्लेख किया गया है। पीड़ित के अनुसार, वह अपने तीन दोस्तों के साथ फैक्ट्री से ड्यूटी खत्म कर खाना खाने होटल जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में कुछ बाइक सवार युवकों से विवाद हो गया। जान बचाने के लिए चारों युवक होटल के अंदर चले गए, लेकिन कुछ ही देर बाद हथियारों से लैस बदमाश वहां पहुंच गए और हमला शुरू कर दिया।
पीड़ित का आरोप है कि बदमाशों ने पहले होटल के अंदर मारपीट की, फिर उन्हें बाहर घसीटकर गर्दन और शरीर के अन्य हिस्सों पर धारदार हथियारों से कई वार किए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भेजा गया।मिसरोद थाना पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर पीड़ितों के बयान दर्ज किए हैं। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जाएगी। दिनदहाड़े नहीं बल्कि रात के समय होटल के भीतर हुई इस वारदात ने शहर में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

Next Post

ऑर्डिनेंस फैक्ट्री की सौगात देने अदाणी बंधु आए ग्वालियर, एयरपोर्ट पर हुआ स्वागत

Sun Jul 5 , 2026
ग्वालियर: शिवपुरी में ढाई हजार करोड़ की लागत से ऑर्डिनेंस फैक्ट्री (डिफेंस पार्क) की सौगात देने के लिए आज ग्वालियर एयरपोर्ट पर अदाणी समूह के मैनेजिंग डायरेक्टर करण अडानी एवं डायरेक्टर जीत अडानी पधारे। भारतीय जनता पार्टी जिला ग्वालियर महानगर के उपाध्यक्ष सत्येन्द्र शर्मा ने पुष्प गुच्छ भेंट कर उनका […]

You May Like