उप मुख्यमंत्री ने समूह नलजल योजनाओं के इंटेक वेल का किया निरीक्षण

मैहर :उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने मैहर जिले के रामनगर ब्लॉक में ग्राम झिन्ना में जल जीवन मिशन की दो समूह नलजल योजनाओं के निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उप मुख्यमंत्री ने रीवा बाणसागर और सीधी बाणसागर समूह नलजल योजना के तहत बनाए जा रहे इंटेक वेल तथा वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का निरीक्षण किया। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा हर गांव और हर घर में नल से स्वच्छ जल पहुंचाने की महत्वाकांक्षी योजना को जल जीवन मिशन द्वारा मूर्त रूप दिया जा रहा है।

समूह नलजल योजनाओं के निर्माण कार्य तय समय सीमा में पूरे कराकर आमजनता को पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित करें। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखें। पाइपलाइन बिछाने, टंकियों के निर्माण तथा लक्ष्य के अनुसार घरों में कनेक्शन देने के कार्य की नियमित समीक्षा करें।मौके पर उपस्थित जल जीवन मिशन के जिला प्रबंधक चित्रांशु उपाध्याय ने बताया कि रीवा बाणसागर समूह जल प्रदाय योजना से रीवा और मऊगंज जिले के 1613 गांवों को पेयजल मिलेगा। इंटेक वेल से जल शोधन संयंत्र तक पानी पहुंचाया जा चुका है।

इससे गोविंदगढ़ घाटी में बनाए गए सम्पवेल में पानी पहुंचाकर टेस्टिंग का कार्य पूरा किया जा चुका है। परियोजना का कार्य मार्च 2027 तक पूरा हो जाएगा। सतना बाणसागर समूह नलजल योजना से सतना और रीवा जिले के 995 गांवों को पानी मिलेगा। इसके भी इंटेक वेल और जल शोधन संयंत्र का कार्य पूरा हो गया है। इसी तरह सीधी बाणसागर समूह नलजल योजना का कार्य भी तेजी से किया जा रहा है। इसका भी कार्य मार्च 2027 तक पूरा हो जाएगा। निरीक्षण के समय जिला पंचायत सतना की वन समिति के सभापति हरीशकांत त्रिपाठी, श्री राजेश पाण्डेय एसडीएम रामनगर एसपी मिश्रा, जिला प्रबंधक जल निगम सतना पंकज तंतुवाय, सीधी नीरव अग्रवाल तथा निर्माण एजेंसिंयों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Next Post

केरल पुलिस ने व्हाट्सएप के ज़रिए होने वाले नए साइबर स्कैम के बारे में दी चेतावनी

Sun Jul 5 , 2026
तिरुवनंतपुरम, 05 जुलाई (वार्ता) केरल पुलिस ने राज्य भर के व्यापारिक संस्थानों को व्हाट्सएप पर होने वाले एक नयी साइबर धोखाधड़ी के बारे में चौकन्ना किया है। यह फ्रॉड कंपनियों के वित्त और अकाउंट्स विभाग को निशाना बनाता है और इसके लिए ग्राहकों और आपूर्तिकर्ताओं के हैक किए गए खातों […]

You May Like