इंदौर: बारिश में जगह जगह पानी भराने के बाद आज महापौर सड़क पर उतरे. इस दौरान उन्होंने जलजमाव समस्याओं और परेशानियों को लेकर रहवासियों से बात की. रहवासियों का शिकायत पर महापौर ने अफसरों को दो टूक बात कही कि लापरवाही कहीं भी बर्दाश्त नहीं होगी.महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने आज बारिश में शहरवासियों को जलभराव और परेशानियों को लेकर विभिन्न क्षेत्रों का जायजा लिया.
भमोरी क्षेत्र का निरीक्षण कर पूर्व में दिए गए निर्देशों के पालन की अधिकारियों के साथ मौके पर समीक्षा की. निरीक्षण के दौरान महापौर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन स्थानों पर हर वर्ष बारिश के दौरान जलभराव की समस्या आती है, वहां पहले से व्यवस्था की जाएं. उन्होंने सभी अपर आयुक्त, जोनल अधिकारी और निगम अमले को संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर आवश्यक कार्य समय पर पूरा करने के निर्देश दिए. अधिकारियों से कहा कि जहां अभी भी कुछ कार्य शेष हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा किया जाए. निरीक्षण के दौरान ट्रांसपोर्ट नगर में मौजूद बाधक को हटाने के निर्देश भी दिए गए, ताकि जल निकासी बाधित न हो.
