
इंदौर. शहर में एटीएम में नकदी जमा करने वाली कंपनी के दो कर्मचारियों ने भरोसे का फायदा उठाकर करीब 40 लाख रुपए का गबन कर लिया. दोनों आरोपी पिछले छह महीने से एटीएम में जमा होने वाली रकम में से धीरे धीरे नकदी निकालते रहे और पूरी रकम ऑनलाइन गेमिंग व आईपीएल सट्टे में हार गए. मामले का खुलासा होने पर लसूडिया पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया. आरोपियों के कब्जे से अब तक केवल दो लाख रुपए ही बरामद हो सके हैं.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अभिषेक और दीपक के रूप में हुई है. दोनों एक निजी कंपनी में कार्यरत थे, जो शहर के एटीएम में नकदी जमा करने का काम करती है. जांच में सामने आया कि दोनों पिछले करीब छह माह से कभी एक लाख तो कभी डेढ़ लाख रुपए निकालकर गबन करते रहे. रकम कम निकालने के कारण लंबे समय तक किसी को इसकी भनक नहीं लगी. कंपनी के आंतरिक मिलान के दौरान कैश में गड़बड़ी सामने आई, जिसके बाद मामला लसूडिया थाने पहुंचा. पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की और साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि गबन की पूरी रकम ऑनलाइन गेमिंग और आईपीएल सट्टे में लगा दी, जहां वे पैसा हार गए. पुलिस ने उनके पास से दो लाख रुपए बरामद किए हैं. अब यह पता लगाया जा रहा है कि उन्होंने किन किन ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से रकम लगाई. साथ ही पैसों के ट्रांजेक्शन की बैक ट्रैकिंग की जा रही है और आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है.
मामले की विस्तृत जांच : एसीपी
मामले में एसीपी पराग सैनी ने बताया 40 लाख रुपए के गबन के मामले में दो को गिरफ्तार किया है, आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि आरोपियों ने अधिकांश रकम ऑनलाइन गेमिंग और आईपीएल सट्टे में गंवा दी, मामले की विस्तृत पूछताछ कर जांच की जा रही है.
