मुंबई, 04 जुलाई (वार्ता) महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को अचानक स्वास्थ्य बिगड़ने के बाद उनको ठाणे के जुपिटर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पार्टी सूत्रों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
राज्य विधानमंडल के चल रहे मानसून सत्र की देखरेख कर रहे उप मुख्यमंत्री को तेज बुखार और अत्यधिक थकान की शिकायत के बाद शुक्रवार देर रात निजी चिकित्सा केंद्र में ले जाया गया। शिवसेना सूत्रों के अनुसार, उप मुख्यमंत्री की स्थिति स्थिर है। विशेषज्ञ डॉक्टरों की एक टीम वर्तमान में उनकी देखभाल कर रही है और उन्हें पूरी तरह से आराम करने की सलाह दी गई है।
पिछले कुछ हफ्तों के अत्यधिक व्यस्त कार्यक्रम के बाद उनका स्वास्थ्य बिगड़ा है। श्री शिंदे कई कार्यक्रमों में व्यस्त थे। राष्ट्रीय राजधानी के लगातार दौरों, विधायी कार्यवाहियों और एक के बाद एक राजनीतिक कार्यक्रमों को उनकी थकान का मुख्य कारण बताया गया है।
उनके स्वास्थ्य को देखते हुए, उप मुख्यमंत्री के सभी निर्धारित आधिकारिक दौरों, सरकारी बैठकों और राजनीतिक कार्यक्रमों को अगली सूचना तक अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया गया है।
