
देवास/ सोनकच्छ विकासखंड के ग्राम भटकुंड में परिवार में गमी के कार्यक्रम में आए दंपति का अपहरण कर उनके साथ मारपीट करने वाले चारों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी अनुसार, 30 अप्रैल को फरियादी हिम्मतसिंह बंजारा निवासी पंवासा उज्जैन जो कि उसकी पत्नी के साथ ग्राम भटकुंड में एक गमी के कार्यक्रम में शामिल होने आया था। गमी का कार्यक्रम खत्म कर जब वह लौट रहे थे तब भादर बंजारा, प्रभु बंजारा, बापू सिंह बंजारा, गोरु बंजारा ने उन्हें रोका व उनके साथ मारपीट शुरू कर दी व गाड़ी में बैठाकर बाबु सिंह बंजारा के घर टीबुपुरा थाना क्षेत्र सिद्दीकगंज लेकर गए। जहां पर दंपति के साथ मारपीट करते हुए उन्हें जूते की माला भी पहना दी थी। सिद्दीकगंज पुलिस ने आरोपियों से दंपति को छुड़ाया था व सोनकच्छ थाने लाई थी जहां पुलिस ने अपहरण का केस दर्ज किया था। पुलिस ने जांच करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।
