इंदौर: ननि आयुक्त क्षितिज सिंघल ने स्वच्छता सर्वेक्षण गाइडलाइन अनुसार किए जा रहे कार्यों का निरीक्षण किया. आयुक्त द्वारा शहर में संचालित सीटीपीटी, 3 आर सेंटर, एमआरएफ प्लांट, बीडब्ल्यूजी यूनिट अवलोकन किया. इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को स्वच्छता अभियान के गाइडलाइन का पालन करने के निर्देश दिए.
आयुक्त क्षितिज सिंघल ने आगामी स्वच्छ सर्वेक्षण को दृष्टिगत रखते हुए विभागीय अधिकारियों के साथ शहर के विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया.
इस दौरान चोइथराम सब्जी मंडी एवं फ्रूट मंडी, चोइथराम स्थित प्लांट, कबीटखेड़ी, राजकुमार ब्रिज, मधुमिलन चौराहा, रीगल चौराहा सहित विभिन्न स्थानों पर सफाई व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर स्वच्छता सर्वेक्षण गाइडलाइन पालन में निर्देश दिए. निरीक्षण के दौरान निजी स्कूलों में दिव्यांगजनों हेतु निर्मित शौचालयों, आवासीय एवं व्यावसायिक क्षेत्रों की स्वच्छता व्यवस्था तथा फ्लाईओवरों के आसपास विकसित हरियाली, रंगाई-पुताई एवं साफ-सफाई की स्थिति का जायजा लिया.
सफाई में सुधार के निर्देश
आयुक्त ने कबीटखेड़ी एवं राजकुमार ब्रिज के समीप स्थित 3 आर सेंटर के निरीक्षण के दौरान सफाई में और सुधार करने के निर्देश दिए. उन्होंने सभी स्वास्थ्य अधिकारियों एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहर के सभी 3 आर सेंटर एवं एमआरएफ प्लांट पर पर्याप्त स्वच्छता की जाए. निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त प्रखर सिंह, स्वास्थ्य अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे.
