पश्चिम एशिया संकट: एयर इंडिया, एयर इंडिया एक्सप्रेस ने उड़ानों की संख्या बढ़ाकर 80 की

नयी दिल्ली 14 मार्च (वार्ता) पश्चिम एशिया संकट के बीच संपर्क बनाये रखने के लिए एयर इंडिया और उसकी सहायक कंपनी एयर इंडिया एक्सप्रेस ने शनिवार को इस क्षेत्र के लिए अपनी निर्धारित और गैर-निर्धारित उड़ानों की कुल संख्या बढ़ाकर 80 कर दी है।

इससे पहले शुक्रवार को इन दोनों एयरलाइनों ने इसी सेक्टर में कुल 78 निर्धारित और गैर-निर्धारित उड़ानें संचालित की थीं। ये उड़ान सेवाएं कई मार्गों पर चलायी जा रही हैं, जो भारतीय शहरों को पश्चिम एशिया के प्रमुख हब से जोड़ती हैं, ताकि यात्रियों की मांग को पूरा किया जा सके और यात्रा की निरंतरता बनी रहे। साथ ही एयरलाइंस इन क्षेत्र में हो रहे घटनाक्रमों पर नजर बनाये हुए हैं।

एयर इंडिया ने आज जारी बयान में बताया कि दोनों एयरलाइंस 14 मार्च को जेद्दाह और मस्कट के लिए अपनी नियमित सेवाएं जारी रखे हुए हैं। इस दिन जेद्दा के लिए कुल 10 उड़ानें संचालित की जा रही हैं, जबकि एयर इंडिया एक्सप्रेस मस्कट के लिए आठ निर्धारित उड़ानें चला रही है।

इसके अतिरिक्त एयर इंडिया दिल्ली से एक राउंड-ट्रिप और मुंबई से दो राउंड-ट्रिप जेद्दाह के लिए संचालित करेगी। एयर इंडिया एक्सप्रेस कोझिकोड और मंगलुरु से जेद्दा के लिए एक-एक उड़ान चलाएगी।

एयर इंडिया एक्सप्रेस मस्कट के लिए अपनी निर्धारित सेवाएं भी संचालित करेगी, जिसमें दिल्ली, कोच्चि, कोझिकोड और मुंबई से एक-एक राउंड-ट्रिप शामिल है। अपनी निर्धारित सेवाओं के अलावा एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस संयुक्त अरब अमीरात और सऊदी अरब के लिए कुल 62 गैर-निर्धारित उड़ानें भी संचालित करेंगी। ये उड़ानें स्लॉट उपलब्धता और प्रस्थान हवाई अड्डों की मौजूदा परिस्थितियों के आधार पर संचालित की जाएंगी।

कंपनी ने इन सभी उड़ानों के संचालन के लिए संबंधित भारतीय और स्थानीय नियामक प्राधिकरणों से आवश्यक अनुमति प्राप्त की गयी है।

Next Post

ईरान के 'ताज का नगीना' है खार्ग द्वीप, रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण

Sat Mar 14 , 2026
नयी दिल्ली, 14 मार्च (वार्ता) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ईरान के रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण खार्ग द्वीप पर बमबारी का दावा करने के बाद यह द्वीप अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का केन्द्र बन गया है। श्री ट्रंप ने ईरान की सेना से हथियार डालने और ‘अपने देश का […]

You May Like