सिंगरौली: नगर निगम सिंगरौली के पूर्व अध्यक्ष वीरेंद्र मिश्रा के अनुज स्वर्गीय जयप्रकाश मिश्रा (लोकर) के असामयिक निधन पर शुक्रवार को सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह ने मऊगंज जिले के ग्राम बामनगढ़ स्थित उनके पैतृक निवास पहुंचकर शोकाकुल परिजनों से मुलाकात की। विधायक ने दिवंगत के चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा परिवार के सदस्यों को इस कठिन समय में धैर्य और संबल बनाए रखने का संदेश दिया।
विधायक रामनिवास शाह ने कहा कि जयप्रकाश मिश्रा का असामयिक निधन अत्यंत दुखद और हृदय विदारक है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। इस दौरान उन्होंने पूर्व नगर निगम अध्यक्ष वीरेंद्र मिश्रा एवं अन्य परिजनों से मिलकर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में भाजपा जिला महामंत्री विक्रम सिंह, रामापति जायसवाल, भाजपा युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष राजेंद्र सिंह परमार, पार्षद संतोष शाह, अनिल शाह सहित अनेक भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने दिवंगत आत्मा को श्रद्धासुमन अर्पित कर दो मिनट का मौन रखकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
