
दमोह। जिले की तेजगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत इमलिया चौकी के समीप सतधरू घाटी पर शुक्रवार शाम को लोहे की छड़ से भरा ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार चालक सहित चार लोग बुरी तरह घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए तत्काल 108 एंबुलेंस के माध्यम से दमोह जिला अस्पताल लाया गया। जहां ड्यूटीरत डॉक्टर ने चारों का प्राथमिक उपचार कर हालत गंभीर होने पर जबलपुर रेफर कर दिया। जानकारी के अनुसार घायलों में सुरेंद्र लोधी 38 वर्ष, आकाश लोधी 21 वर्ष निवासी हाथी घाट, हरिद्वार शामिल हैं। मौके पर 108 पायलट मनोज, ईएमटी संदीप और एक अन्य 108 पायलट व ईएमटी ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। बताया जाता है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली पर अत्यधिक मात्रा में लोहे की छड़ लदी हुई थी। रिवर्स करते समय ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। स्थानीय लोग इसे लापरवाही बता रहे हैं। तेजगढ़ थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
