तपती धूप में बेजुबानों का सहारा बना सकोरा अभियान

छतरपुर। सूरज के तीखे तेवरों के साथ ही बुंदेलखंड में भीषण गर्मी ने दस्तक दे दी है। इस तपती धूप में जहाँ इंसान बेहाल है, वहीं बेजुबान पशु-पक्षियों के लिए दाने-पानी का संकट खड़ा हो गया है। इसी मानवीय संवेदना को समझते हुए नगर के ‘युवा शक्ति संगठन’ ने इस वर्ष भी अपने सेवाभावी ‘सकोरा अभियान’ का आगाज किया है।

परिंदों के लिए हर कदम पर जल की व्यवस्था

संगठन द्वारा शहर के प्रमुख चौराहों, उद्यानों और सार्वजनिक स्थानों पर मिट्टी के पात्र (सकोरे) बांधे गए हैं। युवाओं ने न केवल इन पात्रों को स्थापित किया, बल्कि भीषण गर्मी के दौरान इनमें नियमित रूप से जल भरने का सामूहिक संकल्प भी लिया। संगठन के सदस्यों का कहना है कि वे पिछले कई वर्षों से इस परंपरा का निर्वहन कर रहे हैं। इस अभियान का मूल उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ आम जनमानस में जीव-जंतुओं के प्रति दया और संवेदनशीलता की भावना जागृत करना है।

नवागत टीआई ने थपथपाई युवाओं की पीठ

इस पुनीत कार्य के दौरान सिविल लाइन थाने के नवनियुक्त थाना प्रभारी (टीआई) आशुतोष श्रोत्रिय विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने युवाओं की इस निस्वार्थ सेवा की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए कहा कि सामाजिक सरोकारों के प्रति युवाओं की यह सक्रियता समाज के लिए प्रेरणादायी है। इस अवसर पर संगठन के सदस्यों ने नवागत टीआई का पुष्पमाला पहनाकर और मिठाई खिलाकर आत्मीय स्वागत भी किया।

सेवा पथ पर सक्रिय युवा टोली

कार्यक्रम के दौरान संगठन के प्रमुख संयोजक रोहित चौरसिया, उमाशंकर प्रजापति, ऋतिक रैकवार, कृष्णकांत चौरसिया, विश्वजीत प्रजापति और शिवा चौरसिया सहित अनेक सदस्य मौजूद रहे। साथ ही सिविल लाइन थाने का स्टाफ भी इस नेक पहल का साक्षी बना। युवाओं की इस टोली ने नगरवासियों से भी अपील की है कि वे अपने घरों की छतों और बालकनी में पक्षियों के लिए पानी के पात्र अवश्य रखें।

 

Next Post

शीतल खुर्द में वृद्ध की संदिग्ध मौत, शरीर पर मिले चोट के निशान, हत्या की आशंका

Fri Apr 10 , 2026
सिंगरौली: माड़ा थाना क्षेत्र के शीतल खुर्द गांव में गुरुवार शाम एक वृद्ध की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। गंभीर रूप से घायल अवस्था में वृद्ध को जिला चिकित्सालय ट्रॉमा सेंटर बैढ़न लाया गया, जहां उपचार के दौरान रात करीब 10 बजे उसकी […]

You May Like