सिंगरौली: माड़ा थाना क्षेत्र के शीतल खुर्द गांव में गुरुवार शाम एक वृद्ध की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। गंभीर रूप से घायल अवस्था में वृद्ध को जिला चिकित्सालय ट्रॉमा सेंटर बैढ़न लाया गया, जहां उपचार के दौरान रात करीब 10 बजे उसकी मौत हो गई।मृतक की पहचान राधेश्याम पांडे (65 वर्ष), पिता बृहस्पति पांडे, निवासी शीतल खुर्द के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वृद्ध के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि किसी ने मारपीट कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया था, जिसके बाद परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे।
घटना की सूचना मिलते ही माड़ा थाना प्रभारी टीआई शिव पूजन मिश्रा जिला चिकित्सालय बैढ़न पहुंचे और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस में सुरक्षित रखवा दिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार मामले में परिवार के कुछ लोगों पर भी शक की सुई घूम रही है, हालांकि फिलहाल अधिकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होने की बात कह रहे हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
