इंदौर: शादी का झांसा देकर युवती से शारीरिक शोषण का सनसनीखेज मामला सामने आया है. फरियादी युवती ने आरोप लगाया है कि विकास सागोरे नामक युवक ने पहले दोस्ती की, फिर शादी का प्रस्ताव रखा. युवती ने इनकार किया तो विकास ने बार-बार दबाव बनाया. आखिरकार युवती शादी के झांसे में आ गई. इसके बाद वह उसे डेढ़ महीने तक होटल में शोषण करता रहा. हिंदूवादी लोगों को जब इसकी जानकारी मिली तो उन्होंने उसे छूड़ाया.
विजय नगर पुलिस ने 21 वर्षीय युवती की शिकायत पर उसके दोस्त के खिलाफ दुष्कर्म का प्रकरण दर्ज किया है. पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने शादी का भरोसा दिलाकर करीब छह माह तक उसका शारीरिक शोषण किया. जब युवती प्रेग्नेंट हुई और उसने शादी के लिए दबाव बनाया, तो आरोपी ने साफ इंकार कर दिया और जान से मारने की धमकी भी दी. युवती मूल रूप से खंडवा की रहने वाली है और इंदौर में नौकरी करती है.
उसकी मुलाकात सुंदर नगर निवासी विकास सागौरे से एक कैफे में हुई थी. धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और नजदीकियां बढ़ीं. युवती ने पुलिस को बताया कि विकास ने पहले ही मुलाकातों में शादी की इच्छा जताई थी, जिसे उसने ठुकरा दिया. लेकिन लगातार दबाव डालने पर वह तैयार हो गई. पीड़िता ने पुलिस को यह भी बताया कि 8 जनवरी 2025 को विकास उसे विजयनगर क्षेत्र स्थित एक होटल लेकर गया, जहां उसने पहली बार संबंध बनाए.
इसके बाद उसी होटल में उसे करीब डेढ़ माह तक रखा और लगातार दुष्कर्म किया. शादी की बात करने पर आरोपी बहाना बनाता रहा कि कोर्ट में शादी के पेपर तैयार हो रहे हैं. बाद में पीड़िता चंद्रनगर क्षेत्र में किराए का मकान लेकर रहने लगी. 18 जुलाई को विकास उसके कमरे पर पहुंचा और जबरन शारीरिक संबंध बनाए. कुछ समय बाद जब पीड़िता का प्रेग्नेंसी टेस्ट पॉजिटिव आया और उसने यह बात विकास को बताई तो उसने गर्भपात कराने का दबाव डाला. विरोध करने पर उसने जान से मारने की धमकी दी.
संगठन के कार्यकर्ताओं से मिली मदद
आरोपी के रवैये से परेशान युवती हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ता मानसिंह राजावत के पास पहुंची और पूरी घटना बताई. राजावत ने उसे विजय नगर थाने ले जाकर शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने आरोपी विकास सागौरे के खिलाफ दुष्कर्म, धमकी और अन्य धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
