
ओंकारेश्वर, बॉलीवुड अभिनेत्री सोनल चौहान शुक्रवार सुबह तीर्थ नगरी ओंकारेश्वर पहुंचीं। उन्होंने भगवान श्री ओंकारेश्वर और ममलेश्वर ज्योतिर्लिंग के विधि-विधान से दर्शन कर पूजा-अर्चना की। सोनल ने अपनी आने वाली फिल्म ‘मिर्जापुर’ की सफलता के साथ देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि के लिए विशेष प्रार्थना की।
‘जन्नत’ फिल्म से मशहूर हुईं सोनल इन दिनों नई फिल्म की शूटिंग में व्यस्त हैं। शूटिंग से समय निकालकर वह बाबा के दरबार में माथा टेकने पहुंचीं।
दर्शन के बाद श्री ओंकारेश्वर मंदिर ट्रस्ट के प्रबंधक ट्रस्टी राव पुष्पेंद्र सिंह के पुत्र राघवेंद्र सिंह ने शॉल-श्रीफल भेंट कर उनका स्वागत किया। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं ने अभिनेत्री के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं।
धार्मिक नगरी ओंकारेश्वर में फिल्मी हस्तियों का आना-जाना लगा रहता है। सोनल चौहान के आगमन से श्रद्धालुओं और प्रशंसकों में उत्साह दिखा।
