भोपाल से अयोध्या तक गूंजेगी राम मंदिर चंदे की रार, कोर्ट जाने की तैयारी में दिग्विजय सिंह

भोपाल। राम मंदिर निर्माण के लिए जुटाए गए चंदे को लेकर एक बार फिर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। शुक्रवार को भोपाल में महिला कांग्रेस ने माता मंदिर के पास सद्बुद्धि यज्ञ और सामूहिक उपवास का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, पूर्व मंत्री पीसी शर्मा, महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष रीना बोरासी सेतिया सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए दिग्विजय सिंह ने कहा कि उन्होंने राम मंदिर निर्माण के लिए 1 लाख 11 हजार रुपये का चंदा दिया था और आज भी उनके पास चंदा जमा करने की रसीद तथा चेक की प्रति सुरक्षित है। उन्होंने घोषणा की कि वह चंदे में कथित अनियमितताओं के मामले में अयोध्या की अदालत में मुकदमा दायर करेंगे। उनका कहना है कि 5 या 6 जुलाई को अपने वरिष्ठ अधिवक्ता से चर्चा करने के बाद वह अयोध्या जाकर न्यायालय में वाद दायर करेंगे।

दिग्विजय सिंह ने कहा कि भगवान राम के नाम पर देशभर के करोड़ों श्रद्धालुओं ने आस्था के साथ दान दिया था, इसलिए उस चंदे का पूरा हिसाब सार्वजनिक होना चाहिए। उन्होंने मांग की कि यदि जांच में किसी भी तरह की वित्तीय गड़बड़ी सामने आती है, तो इसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि यदि अदालत में अनियमितता साबित होती है, तो वह अपना दिया हुआ चंदा वापस लेकर किसी मान्यता प्राप्त धार्मिक पीठ या शंकराचार्य के न्यास को दान कर देंगे।

इस दौरान दिग्विजय सिंह ने कहा कि वह सनातन धर्म का पालन करने वाले व्यक्ति हैं और वर्षों से उन पर लगाए जा रहे धर्म विरोधी आरोप पूरी तरह गलत हैं। उन्होंने धार्मिक संस्थाओं में पारदर्शिता की जरूरत बताते हुए कहा कि भगवान के नाम पर जुटाए गए हर चंदे का हिसाब जनता के सामने होना चाहिए। साथ ही उन्होंने आरएसएस और वीएचपी की आर्थिक पारदर्शिता पर भी सवाल उठाए और धार्मिक चंदे के उपयोग को लेकर जवाबदेही की मांग की।

उन्होंने यह भी घोषणा की कि वह अपने घर के बाहर एक तख्ती लगाएंगे, जिस पर लिखा होगा “मेरे घर में चंदा चोरों का प्रवेश निषिद्ध है।” इस बयान के बाद राम मंदिर चंदे को लेकर प्रदेश की राजनीति में नई बहस शुरू हो गई है।

Next Post

जनजातीय संग्रहालय में 75वीं शलाका प्रदर्शनी शुरू, भील चित्रकार सुनीता परमार के रंगों से सजी दीवारें

Fri Jul 3 , 2026
भोपाल। मध्यप्रदेश जनजातीय संग्रहालय में 75वीं शलाका जनजातीय चित्र प्रदर्शनी का शुभारंभ हो गया है। इस बार प्रदर्शनी में भील जनजातीय चित्रकार सुनीता परमार की पारंपरिक शैली में बनाई गई कलाकृतियों को प्रदर्शित किया गया है। उनकी पेंटिंग्स में जंगल, पहाड़, पशु-पक्षी, प्रकृति और जनजातीय संस्कृति के जीवंत रंग देखने […]

You May Like