जबलपुर: कलेक्टर दीपक सक्सेना ने कलेक्टर कार्यालय में पदस्थ भारतीय प्रशासनिक सेवा एवं राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों के बीच पूर्व में किये गये कार्य विभाजन के आदेश में संशोधन किया है। गौरतलब है कि शुक्रवार को कलेक्टर दीपक सक्सेना द्वारा प्रशासनिक दायित्व में बड़े स्तर पर परिवर्तन किया गया था। जिसमे बहुतों को जिला मुख्यालय बुला लिया गया था तो कुछ को फील्ड की जिम्मेदारी दी गई थी। अब 5 दिन के बाद ही तीसरी बार संशोधित कार्य विभाजन आदेश में सिहोरा एसडीएम रूपेश सिंघई की जगह मुख्यालय में पदस्थ पुष्पेंद्र आहाके को सिहोरा का एसडीएम बनाया गया है। इसके अलावा मुख्यालय स्तर पर भी दायित्व में परिवर्तन किया गया है।
जिसमें अपर कलेक्टर एवं अपर जिला दंडाधिकारी शहर मिशा सिंह को सामान्य प्रशासन वित्त, भूमि प्रबंधन, सुशासन एवं सतर्कता, दांडिक प्रशासन एवं विधि तथा जानकारी संकलन एवं प्रेषण प्रकोष्ठ का दायित्व सौंपा गया है। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक गहलोत को ग्रामीण यांत्रिकी, योजना मंडल, शिक्षा एवं जिला शिक्षा केन्द्र, पंचायत एवं समाज कल्याण, पशुपालन, महिला एवं बाल विकास, कृषि, उद्यानिकी, सहकारिता, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, जिला सहकारी बैंक, लीड बैंक, आयुष, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (राहत मामलों को छोड़कर), सीएसआर तथा एकलव्य और नवोदय विद्यालय का प्रभारी अधिकारी, अपर कलेक्टर एवं अपर जिला दंडाधिकारी ग्रामीण नाथूराम गौंड को संशोधित कार्य विभाजन आदेश में सत्कार प्रकोष्ठ, निर्वाचन प्रकोष्ठ, विविध प्रकोष्ठ, राजस्व प्रकोष्ठ, जबलपुर पुरातत्व, पर्यटन एवं संस्कृति परिषद तथा संस्थागत वित्त प्रकोष्ठ का दायित्व, डिप्टी कलेक्टर रूपेश सिंघई को कलेक्टर कार्यालय के सामान्य प्रशासन वित्त प्रकोष्ठ से सबंधित स्थापना, वित्त, विभागीय जांच, जिला नाजिर, अधीक्षक, सह अधीक्षक, स्टेनो टू कलेक्टर, लायब्रेरी, आवक-जावक, ब्रिस्क, क्रिस्क, अल्प बचत एवं जिला कोषालय से सबंधित कार्य सौंपे हैं। इसके अतिरिक्त अन्य अधिकारियों के भी संशोधित कार्य विभाजित किए हैं।
इसके पहले रांझी एसडीएम को हटाया
इसके पहले भी कलेक्टर कार्यालय से परिवर्तन करते हुए रांझी एसडीएम को मुख्यालय बुलाकर ऋषभ जैन को जिम्मेदारी दे दी गई थी। हालांकि इसे एक सामान्य प्रक्रिया बताया गया था, लेकिन इसके पीछे कहीं ना कहीं धार्मिक स्थल विवाद मामले से जोड़कर देखा जा रहा है। जिसके चलते यह कार्यवाही की गई थी।
