भोपाल। निशातपुरा थाना क्षेत्र स्थित आरिफ नगर में गुरुवार रात शुरू हुआ हाई-वोल्टेज ड्रामा शुक्रवार दोपहर एक बड़े हादसे में बदल गया। एक युवक करीब 12 घंटे तक पेड़ पर बैठा रहा, जिसके चलते इलाके में लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को समझाकर नीचे उतारने की कोशिश की, लेकिन वह किसी की बात मानने को तैयार नहीं हुआ। जो भी उसके पास पहुंचने की कोशिश करता, वह हाथ में डंडा लेकर उसे डराने और मारने की कोशिश करता था।
स्थिति को देखते हुए रेस्क्यू टीम को बुलाया गया। क्रेन की मदद से युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए कई बार प्रयास किए गए, लेकिन वह हर बार रेस्क्यू टीम को अपने पास नहीं आने दे रहा था। घंटों तक चले इस ऑपरेशन के दौरान युवक एक शाखा से दूसरी शाखा पर जाने लगा। इसी बीच उसका संतुलन बिगड़ गया और वह करीब 25 फीट की ऊंचाई से नीचे गिर पड़ा।
हादसे में युवक के सिर में गंभीर चोट आई, जिसके बाद उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल उसका इलाज जारी है। पुलिस के अनुसार युवक अपनी पहचान केवल “सोनारे” नाम से बता पाया है। शुरुआती जानकारी में उसके नागपुर का रहने वाला होने की बात सामने आई है, लेकिन उसकी पूरी पहचान अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।
पुलिस युवक के परिजनों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि वह भोपाल कैसे पहुंचा और किन परिस्थितियों में पेड़ पर चढ़ गया। घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, जिनमें युवक को पेड़ पर बैठे और रेस्क्यू टीम को घंटों तक मशक्कत करते देखा जा सकता है।
