नशे के विरुद्ध सख्त कार्रवाई और जनजागरूकता पर दे जोर : श्री नारायन

छिंदवाड़ा. कलेक्टर हरेंद्र नारायन की अध्यक्षता और पुलिस अधीक्षक अजय पाण्डेय की उपस्थिति में विगत दिवस कलेक्टर कार्यालय के मिनी सभाकक्ष में नारकोटिक्स कोर्डिनेशन (एनकॉर्ड) की जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित की गई। कलेक्टर हरेन्द्र नारायन ने पुलिस विभाग को अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध और अधिक प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने शिक्षा विभाग को सभी शैक्षणिक संस्थानों के 500 मीटर क्षेत्र को ड्रग फ्री जोन बनाने तथा विद्यालयों में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करने के निर्देश भी दिए। बैठक में बताया गया कि उमंग योजना के अंतर्गत शिक्षकों को मास्टर ट्रेनर के रूप में प्रशिक्षित किया जा रहा है तथा विभिन्न विद्यालयों में विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर शपथ दिलाई गई है। सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग ने जानकारी दी कि नशा छोड़ चुके लोगों की सक्सेस स्टोरी तैयार कर प्रचारित की जा रही है। विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर भी जिलेभर में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। जेल अधीक्षक ने बताया कि जिला जेल में एनडीपीएस एक्ट के तहत 3 निरुद्ध दंडित बंदी और 5 विचाराधीन बंदी निरुद्ध हैं। जेल में विभिन्न सामाजिक एवं आध्यात्मिक संस्थाओं के सहयोग से नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम नियमित रूप से संचालित किए जा रहे हैं।

जेल परिसर के पास से हटाए गुमठी ००००

कलेक्टर श्री नारायन ने जेल परिसर के आसपास नियमित पेट्रोलिंग एवं नगर निगम की सहायता से अवैध गुमठियों को हटाने के निर्देश दिए। नगर निगम द्वारा जेल एवं जगन्नाथ स्कूल के आसपास की अवैध गुमटियां हटाने की जानकारी दी गई। साथ ही नशा मुक्ति संबंधी ऑडियो-वीडियो संदेशों का प्रचार कचरा वाहनों एवं शासकीय एलईडी स्क्रीन के माध्यम से करने का निर्णय लिया गया। बैठक में निर्णय लिया गया कि आगामी बैठक में सभी विभाग नशा मुक्ति एवं मादक पदार्थ नियंत्रण संबंधी अपनी-अपनी कार्रवाई का प्रस्तुतीकरण देंगे, ताकि जिले में समन्वित अभियान को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके। साथ ही अवैध मादक पदार्थों की तस्करी रोकने, नशे के दुष्प्रभावों से होने वाले नुकसान के बारे में जनजागरूकता कार्यक्रम प्रभावी रूप से चलाए जाने पर जोर दिया गया।

Next Post

दमोह में झमाझम बारिश से ब्यारमा नदी में उफान, तेंदूखेड़ा तारादेही मार्ग हुआ बंद, पुल उतरने में लगेंगा लंबा समय 

Thu Jul 2 , 2026
दमोह.जिले में गुरुवार दोपहर मानसून की जोरदार दस्तक हुई है। जिससे मौसम काफी ठंडा हो गया और झमामझ बारिश शुरू हुई है। तेंदूखेड़ा ब्लॉक में बारिश का सबसे ज्यादा असर देखा गया है। यहां बारिश से ब्यारमा नदी उफान पर आ गई है। जिससे जेतपुर के समीप एक पुलिया डूब […]

You May Like