
सीधी। विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) के राष्ट्रव्यापी शुभारंभ के अवसर पर सीधी जिले का जिला स्तरीय कार्यक्रम स्थानीय मानस भवन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सांसद डॉ.राजेश मिश्रा, विधायक सीधी रीती पाठक, जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू सिंह, जनपद पंचायत सीधी अध्यक्ष धर्मेन्द्र सिंह परिहार तथा जनपद पंचायत कुसमी अध्यक्ष श्यामवती सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इस अवसर पर आंध्र प्रदेश के तिरुपति जिले के ग्राम मुक्कावरिपल्ली से केन्द्रीय ग्रामीण विकास एवं कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) के राष्ट्रव्यापी शुभारंभ कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा एवं सुना गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद डॉ.राजेश मिश्रा ने कहा कि विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) अधिनियम 2025 विकसित ग्राम पंचायत से विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार ग्रामीण विकास को नई दिशा देने का कार्य कर रही है। विकसित भारत की मजबूत नींव विकसित ग्राम पंचायतों से ही रखी जाएगी। ग्राम सभाओं के माध्यम से पंचायत स्तर पर विकास कार्यों की योजना तैयार होगी तथा स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप कार्यों का चयन किया जाएगा। सांसद ने बताया कि अब ग्रामीण परिवारों को प्रति वित्तीय वर्ष 125 दिवस का रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा, जो पहले 100 दिवस था। कृषि कार्यों के दौरान श्रमिकों की उपलब्धता बनाए रखने के लिए बुआई एवं कटाई के मौसम में वर्ष में 60 दिवस के कार्य-विराम का प्रावधान किया गया है। यदि 15 दिवस के भीतर रोजगार उपलब्ध नहीं कराया जाता है तो राज्य सरकार द्वारा बेरोजगारी भत्ता प्रदान किया जाएगा। जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू सिंह तथा जनपद पंचायत सीधी के अध्यक्ष धर्मेन्द्र सिंह परिहार एवं जनपद पंचायत कुसमी की अध्यक्ष श्यामवती सिंह ने कहा कि विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) पंचायतों को विकास की नई शक्ति प्रदान करेगा।
००
यह अधिनियम पंचायती राज संस्थाओं को करेगा अधिक सशक्त: रीती
विधायक सीधी रीती पाठक ने कहा कि यह अधिनियम ग्रामीण रोजगार व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, उत्तरदायी एवं विकासोन्मुख बनाता है तथा पंचायती राज संस्थाओं को और अधिक सशक्त करेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव के नेतृत्व में सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मंत्र के साथ विकसित भारत का संकल्प तेजी से साकार हो रहा है। सरकार की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सरलता से पहुंचे, यह सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। सरकार बिजली, पानी, आवास, जल संरक्षण, युवाओं के लिए रोजगार, लाड़ली बहना योजना सहित अनेक योजनाओं का प्रभावी संचालन कर रही है।
००
कार्यकम में इनकी रही उपस्थिति
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य प्रदीप शुक्ला, समाजसेवी इन्द्रशरण सिंह चौहान, पंकज पाण्डेय, सीईओ जिला पंचायत शैलेन्द्र सिंह सोलंकी, अतिरिक्त सीईओ जिपं धनंजय मिश्रा, सीईओ जनपद पंचायत सीधी चंदूलाल पानिका सहित जनप्रतिनिधिगण, सरपंच, पंचायत प्रतिनिधि, स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
००००००००००००
