इंडिगो ने पेश किया ‘लाइट फेयर’, बिना चेक-इन बैगेज के लगेगा कम किराया

नयी दिल्ली, 01 जुलाई (वार्ता) देश की प्रमुख विमान सेवा कंपनी इंडिगो ने बुधवार को अपने इकोनॉमी श्रेणी के ग्राहकों के लिए ‘इंडिगो लाइट फेयर’ नाम से किराये का एक नया विकल्प पेश किया, जिसमें चेक-इन बैगेज के बिना यात्रा करने पर किराया कम हो जायेगा। एयरलाइंस की प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि यह एंट्री-लेवल किराया उन यात्रियों के लिए है, जो केवल केबिन बैगेज के साथ यात्रा करते हैं और केवल उन्हीं सेवाओं के लिए भुगतान करना चाहते हैं, जिनका वे वास्तव में उपयोग करते हैं। इससे ग्राहकों को अपने यात्रा खर्च पर अधिक नियंत्रण और विकल्प मिलेगा। ‘इंडिगो लाइट फेयर’ की बुकिंग आज से केवल एयरलाइंस के आधिकारिक चैनलों – वेबसाइट, मोबाइल ऐप और कॉन्टैक्ट सेंटर- के माध्यम से की जा सकेगी। यह किराया 15 जुलाई 2026 को या उसके बाद की यात्राओं के लिए लागू होगा। यह घरेलू और अंतरराष्ट्रीय, दोनों प्रकार की नॉन-स्टॉप उड़ानों पर एकतरफा, राउंड ट्रिप और मल्टी-सिटी यात्रा के लिए वयस्क एवं बच्चों दोनों पर लागू होगा।

इस विकल्प के तहत ग्राहकों को कम बेस फेयर, बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के ऑटो-असाइन सीट तथा सात किलोग्राम तक केबिन बैगेज की सुविधा मिलेगी। इसके अलावा, चेक-इन बैगेज, पसंदीदा सीट, खाना और फास्ट फॉरवर्ड जैसी प्राथमिकता सेवाओं के लिए उन्हें अलग से भुगतान करना होगा। इन सेवाओं को उड़ान के रवाना होने से एक घंटे पहले तक इंडिगो की वेबसाइट या एयरपोर्ट पर खरीदा जा सकता है। एयरलाइंस ने स्पष्ट किया है कि ‘इंडिगो लाइट फेयर’ चुनने वाले यात्री को पहले की तरह इंडिगो ब्लूचिप लॉयल्टी प्रोग्राम के लाभ मिलते रहेंगे। इंडिगो के मुख्य रणनीतिक अधिकारी आलोक सिंह ने कहा, “ हम अपने विविध ग्राहक वर्ग की बदलती अपेक्षाओं के अनुरूप अपने उत्पादों को लगातार विकसित कर रहे हैं।

इंडिगो लाइट उन ग्राहकों के लिए तैयार किया गया है जो हल्के सामान के साथ यात्रा करना पसंद करते हैं और केवल उन्हीं सेवाओं के लिए भुगतान करना चाहते हैं जिनकी उन्हें आवश्यकता होती है। यह हमारी जरूरत-आधारित उत्पाद श्रृंखला को और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। साथ ही, यह बदलती बाजार परिस्थितियों के प्रति हमारी तत्परता और ग्राहकों के लिए हवाई यात्रा को अधिक सुलभ एवं किफायती बनाने की हमारी प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है।” उल्लेखनीय है कि लागत कम करने की अपनी पहल के तहत विमान सेवा कंपनियां यात्रा के दौरान दिये जाने वाले पैकेज में पहले एक साथ दी जाने वाली सुविधाओं को अलग-अलग कर रही हैं। पश्चिम संकट के कारण विमान ईंधन के दाम बढ़ने से इन कंपनियों के लिए पिछले चार महीने वित्तीय दृष्टिकोण से काफी तनावपूर्ण रहे हैं। हाल ही में एयर इंडिया ने घरेलू यात्रियों के लिए ‘बेसिक’ फेयर का विकल्प पेश किया था। इसके तहत छोटी यात्रा के दौरान खाना छोड़ने का विकल्प चुनने के बदले यात्री को किराये में कमी का लाभ मिलता है।

.....

Next Post

युवाओं के भविष्य, किसानों के संकट और भूमि प्रकरण पर कांग्रेस करेगी प्रदेश व्यापी जनआंदोलन: कमलेश्वर पटेल

Wed Jul 1 , 2026
रीवा :रीवा। कांग्रेस कार्यसमिति (CWC) सदस्य कमलेश्वर पटेल ने कहा कि मध्य प्रदेश कांग्रेस प्रदेश भर में चरणबद्ध जनआंदोलन शुरू कर रही है। यह आंदोलन प्रदेश के युवाओं, किसानों और आम जनता के अधिकारों की रक्षा तथा सरकार की जवाबदेही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाया जाएगा। श्री पटेल बुधवार […]

You May Like