इंदौर: शहर के सौ सरकारी स्कूलों में आरओ एवं वाटर कूलर लगाए जाएंगे. इसके लिए ओएनजीसी और संसद सेवा संकल्प के तहत 70 लाख रुपए की राशि रखी गई है. इसकी शुरुआत पहले चरण में शहर के 29 सरकारी स्कूलों से की गई है.सांसद शंकर लालवानी की पहल पर 100 सरकारी स्कूलों में छात्र छात्राओं को शुद्ध एवं शीतल पेयजल की सुविधा मिलेगी. प्राकृतिक गैस मंत्रालय के उपक्रम ओएनजीसी की कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी निधि एवं सांसद सेवा संकल्प के सहयोग से लगभग 70 लाख रुपए की लागत से 100 आरओ सिस्टम एवं 100 स्टेनलेस स्टील वाटर कूलर स्थापित किए जा रहे हैं.
इसकी शुरुआत प्रथम चरण में 29 शासकीय विद्यालयों से की गई. शासकीय नवीन मालव कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में इस बात की जानकारी दी गई. सांसद शंकर लालवानी ने कहा कि स्वस्थ विद्यार्थी ही विकसित भारत की मजबूत नींव हैं. इसी सोच के साथ शासकीय विद्यालयों में स्वच्छ पेयजल की यह व्यवस्था की जा रही है. उन्होंने कहा कि कई विद्यालयों में शुद्ध पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से विद्यार्थियों को परेशानी होती थी. अब आरओ एवं स्टेनलेस स्टील वाटर कूलर स्थापित होने से हजारों विद्यार्थियों को प्रतिदिन स्वच्छ एवं शीतल पेयजल उपलब्ध होगा।
दूरदर्शी व प्रेरणादायी प्रयास
जिला पंचायत सीईओ सिद्धार्थ जैन ने सांसद पहल की सराहना करते हुए कहा कि शुद्ध एवं सुरक्षित पेयजल प्रत्येक विद्यार्थी का मूल अधिकार है. बच्चों के स्वास्थ्य, एकाग्रता, नियमित उपस्थिति एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को सशक्त बनाने की दिशा में एक दूरदर्शी और प्रेरणादायी प्रयास है. कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी शौर्य मल्होत्रा, ओएनजीसी से पीयूष आर्य, जिला शिक्षा उप अधिकारी सुदीप निगवाल, इनहिबो शिक्षा संस्थान मुक्ति जैन, सांदीपनी कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय प्राचार्य रामकृष्ण कोरी, विद्यालय प्रबंधन समिति सदस्य, शिक्षक, विद्यार्थी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे.
