नयी दिल्ली, 30 जून (वार्ता) कांग्रेस ने अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी के मामले में बड़े और जिम्मेदार लोगों को बचाने का आरोप लगाते हुए केंद्र सरकार और मंदिर ट्रस्ट से इस मामले की जांच के लिए गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) की रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग की है।
कांग्रेस की सोशल मीडिया एवं डिजिटल प्लेटफॉर्म्स की चेयरपर्सन सुप्रिया श्रीनेत ने मंगलवार को यहां पार्टी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में कहा कि राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी ‘महापाप’ है लेकिन प्राण प्रतिष्ठा और शिलान्यास में प्रमुख भूमिका निभाने वाले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इस मुद्दे इस मुद्दे पर मौन हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विशेष जांच दल (एसआईटी) की रिपोर्ट जमा होने के बावजूद उसे सार्वजनिक नहीं किया गया।
उन्होंने कहा कि देशभर के श्रद्धालुओं ने आस्था के साथ दान दिया था लेकिन उनकी आस्था के साथ खिलवाड़ हुआ। उनका कहना था कि सीसीटीवी फुटेज में 40 दिनों के भीतर 70 चोरियों का पता चला है। ऐसे में पिछले साढ़े पांच वर्षों में हुई कथित चोरियों का पूरा हिसाब जनता को बताया जाना चाहिए। सुश्री श्रीनेत ने आरोप लगाया कि मामले में केवल छोटे आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि बड़े जिम्मेदार लोगों को बचाया गया। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय का इस्तीफा इस बात का संकेत है कि मामला गंभीर है और इससे पूरे ट्रस्ट की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े होते हैं।
कांग्रेस ने एसआईटी की रिपोर्ट सार्वजनिक करने और पूरे मामले की पारदर्शी जांच की मांग की है।
