
शाजापुर, साइबर ठगी के शिकार 37 फरियादियों की ठगों द्वारा लूटी गई राशि को पुन: उनके खाते में रिफंड कर दिया गया है. अभी तक गृह मंत्रालय के एमआरएम पोर्टल के माध्यम से साइबर ठगी के पीडि़तों लगभग 1 लाख 16 हजार की राशि रिफंड कराई जा चुकी है. भारत सरकार के गृह मंत्रालय के आईसी नई दिल्ली द्वारा संचालित पोर्टल के पायलट प्रोजेक्ट के अंतर्गत साइबर अपराध के पीडि़तों के बैंक खातों में होल्ड की गई राशि को त्वरित रूप से वापस दिलाने की प्रक्रिया प्रारंभ की गई है. इस संबंध में राज्य साइबर पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा दिशा.निर्देश जारी किए गए थे. जिसके पालन में एसपी यशपालसिंह राजपूत के निर्देशन में शाजापुर पुलिस की साइबर टीम एवं जिले के समस्त पुलिस थानों द्वारा समन्वित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए एमआरएम पोर्टल के माध्यम से साइबर ठगी के पीडि़तों के 37 खातों में कुल 1 लाख 16 हजार 727 की राशि सफलतापूर्वक रिफंड कराई गई. जिससे पीडि़तों को राहत मिली और उन्होंने साइबर टीम व एसपी का आभार व्यक्त किया है.
पुलिस ने की आमजन से अपील
एसपी यशपालसिंह राजपूत ने लोगों से अपील की है कि यदि आप किसी भी प्रकार की साइबर ठगी का शिकार होते हैं तो बिना विलंब राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें. समय पर शिकायत दर्ज होने से ठगी गई राशि को होल्ड कर पीडि़त को वापस दिलाने की संभावना काफी बढ़ जाती है.
