स्नान यात्रा के बाद ‘बीमार’ हुए भगवान जगन्नाथ, 15 दिन बंद रहेंगे मंदिर के पट

पन्ना, 29 जून (वार्ता) मध्यप्रदेश के पन्ना नगर स्थित ऐतिहासिक श्री जगदीश स्वामी (जगन्नाथ) मंदिर में आज सोमवार को पारंपरिक स्नान यात्रा का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। धार्मिक मान्यता के अनुसार पवित्र तीर्थों के सुगंधित जल से स्नान के बाद भगवान जगन्नाथ को लू लग गई और वे ज्वरग्रस्त हो गए। इसके साथ ही मंदिर के कपाट अगले 15 दिनों के लिए बंद कर दिए गए।

करीब 180 वर्ष पुरानी परंपरा के अनुसार सुबह भगवान जगदीश स्वामी, उनके बड़े भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा की प्रतिमाओं को गर्भगृह से निकालकर मंदिर परिसर स्थित स्नान मंडप में विराजमान किया गया। पन्ना राजपरिवार के सदस्यों, मंदिर समिति, पुजारियों और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति में वेद मंत्रों के बीच भगवान का पूजन-अर्चन किया गया। इसके बाद हजार छिद्र वाले मिट्टी के घट से भगवान का अभिषेक किया गया।

स्नान यात्रा के उपरांत धार्मिक मान्यता के अनुसार भगवान ज्वरग्रस्त हो गए, जिसके प्रतीक स्वरूप उन्हें श्वेत वस्त्र धारण कराए गए और विशेष आरती की गई। इसके बाद भगवान को पुनः गर्भगृह में विराजमान कर मंदिर के कपाट 15 दिनों के लिए बंद कर दिए गए। इस अवधि में केवल मंदिर के पुजारी ही भगवान की सेवा और पूजा-अर्चना करेंगे तथा श्रद्धालुओं को दर्शन नहीं होंगे।

आयोजन के दौरान परंपरा के अनुसार अभिषेक में प्रयुक्त मिट्टी के घट श्रद्धालुओं में वितरित किए गए। श्रद्धालु इन घटों को अपने घर ले जाकर वर्षभर सुख-समृद्धि की कामना के साथ पूजास्थल में स्थापित करते हैं।

मंदिर परंपरा के अनुसार अमावस्या के दिन भगवान को विशेष पथ प्रसाद अर्पित किया जाएगा। इसके अगले दिन धूप-कपूर झांकी के माध्यम से श्रद्धालुओं को दर्शन होंगे, जबकि द्वितीया तिथि से भगवान जगन्नाथ की पारंपरिक रथयात्रा का शुभारंभ होगा।

 

 

Next Post

तेजस्वी यादव ने रिशु श्री महाघोटाले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करने की मांग की

Mon Jun 29 , 2026
पटना, 29 जून (वार्ता) बिहार में ‘रिशु श्री महाघोटाले’ को लेकर विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने सोमवार को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार पर भ्रष्टाचार को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए कहा कि हजारों करोड़ रुपये के इस कथित घोटाले में बड़े अधिकारियों और सत्ता के […]

You May Like