फिर चलती गाड़ी से बुजुर्ग महिला के कान की झुमकी झपटी

जबलपुर। शहर में बाइक सवार लुटेरों की गैंग सक्रिय है जो लगातार महिलाओं को निशाना बना रही है यह गैंग बाइक में बैठी महिलाओं को टारगेट कर कर रही है। अब पनागर थाना अंतर्गत प्रेम सिटी कॉलोनी गेट के सामने बाइक सवार दो शातिर बदमाशों ने दुस्साहस का परिचय देते हुए एक बुजुर्ग महिला को अपना निशाना बनाया। बदमाशों ने चलती गाड़ी से महिला के कान की सोने की झुमकी झपट ली। झपट्टा इतना जोरदार था कि महिला का कान गंभीर रूप से फट गया और वे लहूलुहान हो गईं। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी पनागर की ओर फरार हो गए। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार, सुहागी अधारताल में पानी की टंकी के पास रहने वाली 63 वर्षीय ममता बर्मन लिज्जत पापड़ कंपनी में काम करती हैं। शनिवार को उनके भतीजे सुरेश बर्मन के नए मकान का उद्घाटन कार्यक्रम प्रेम सिटी कॉलोनी पनागर में था। ममता बर्मन अपने बेटे अभिषेक बर्मन के साथ उसकी सुजुकी एक्सेस स्कूटर क्रमांक एमपी 49 एस 3703 पर पीछे बैठकर सुहागी से पनागर के लिए रवाना हुई थीं। जैसे ही मां-बेटे की स्कूटर प्रेम सिटी कॉलोनी गेट के सामने मुख्य सड़क पर पहुंची, तभी पीछे से एक बिना नंबर की तेज रफ्तार रेसर मोटरसाइकिल आकर उनकी गाड़ी के समानांतर चलने लगी। बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने चलती गाड़ी में ही ममता बर्मन के बाएं कान की सोने की झुमकी पर झपट्टा मार दिया। अचानक हुए इस हमले से महिला संभल नहीं पाईं और झुमकी खिंचने के कारण उनका कान बुरी तरह कट गया। वारदात के बाद दोनों लुटेरे पनागर की तरफ तेजी से भाग निकले। पीड़िता के मुताबिक, झुमकी छीनने वाले युवक ने अपने मुंह पर गमछा बांध रखा था, जिसकी उम्र लगभग 25 से 30 वर्ष के बीच होगी। अचानक हुई इस घटना के कारण वह बाइक चला रहे दूसरे आरोपी का चेहरा नहीं देख सकीं। बदमाशों की रेसर मोटरसाइकिल पर कोई नंबर प्लेट भी नहीं थी। घायल महिला को तुरंत उपचार दिलाया गया, जिसके बाद उन्होंने शिकायत दर्ज कराई। पुलिस क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों का सुराग लगाया जा सके।

Next Post

युवाओं की आवाज़ दबाने के बजाय संवाद करे सरकार : कुमारी सैलजा

Sun Jun 28 , 2026
चंडीगढ़, 28 जून (वार्ता) हरियाणा में एचपीएससी पीजीटी भर्ती से जुड़े ओबीसी एवं पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों के धरने पर सांसद कुमारी सैलजा ने सरकार के रवैये पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि यदि अभ्यर्थी लंबे समय से शांतिपूर्वक आमरण अनशन पर बैठे थे, तो सरकार का पहला दायित्व […]

You May Like