गुलाब बाग हत्याकांड का मास्टरमाइंड गुलशन यादव गिरफ्तार

इंदौर: लसूड़िया थाना क्षेत्र में गुरुवार 21 मई की रात गुलाब बाग पेट्रोल पंप के सामने हुई चर्चित अभि उर्फ अभितेंद्र तोमर हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. फरार चल रहे मुख्य आरोपी भिंड निवासी गुलशन यादव को भी गिरफ्तार कर लिया है. इसके साथ ही हत्या में शामिल सभी आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ गए हैं. पुलिस ने आरोपियों को संरक्षण देने और फरार कराने में मदद करने वाले छह आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है. आरोपियों के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, डकैती, मारपीट, अवैध वसूली और आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर अपराध पहले से दर्ज हैं.

डीसीपी जोन 2 अमन सिंह राठौर ने बताया कि घटना गुरुवार 21 मई की रात करीब 10.30 बजे गुलाब बाग पेट्रोल पंप के सामने पुरानी रंजिश के चलते अभि उर्फ अभितेंद्र तोमर की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. मामले में लसूड़िया थाने में अपराध बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था. जांच के दौरान बीएनएस तथा 25 एवं 27 आर्म्स एक्ट भी बढ़ाए गए थे. वहीं मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी पर 20 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया था. जांच में सामने आया कि भिंड निवासी गुलशन यादव ने अपने भाई विष्णु यादव की हत्या का बदला लेने के लिए साथियों चंद्रकांत उर्फ डीलू लहारिया, गौरव जाटव, पीयूष उर्फ दद्दू गुर्जर और सत्यबीर उर्फ सत्ते के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था. घटना के बाद सभी आरोपी अलग-अलग स्थानों पर फरार हो गए थे.

मामले में पुलिस ने पीयूष उर्फ दद्दू गुर्जर, सत्यबीर उर्फ सत्ते, चंद्रकांत उर्फ डीलू लहारिया और गौरव जाटव को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था. जबकि फरार मुख्य आरोपी गुलशन यादव लगातार ठिकाने बदल रहा था. पुलिस की दबिश के बीच 26 जून को उसके अग्रिम जमानत के लिए इंदौर आने की सूचना मिली. इसके आधार पर उसे विजय नगर क्षेत्र से गिरफ्तार किया. पूछताछ में गुलशन यादव ने पुलिस को बताया कि उसने अपने भाई विष्णु यादव की हत्या का बदला लेने के लिए साथियों के साथ मिलकर अभि तोमर की हत्या की थी. वारदात के बाद वह गौरव जाटव के साथ अहमदाबाद भाग गया था.

वहां से गौरव को छोड़कर ट्रेन से रामेश्वरम की ओर चला गया. पुलिस अब उससे वारदात में उपयोग स्प्लेंडर मोटरसाइकिल की बरामदगी के संबंध में पूछताछ कर रही है. इसके लिए न्यायालय से पुलिस रिमांड भी प्राप्त किया है. गुलाब बाग हत्याकांड में हत्या के सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. मुख्य आरोपी गुलशन यादव से पूछताछ जारी है तथा घटना में उपयोग स्प्लेंडर मोटरसाइकिल की बरामदगी शेष है. आरोपियों को संरक्षण देने वाले छह लोगों को भी गिरफ्तार कर लिया है.
मामले में डीसीपी अमन सिंह राठौर ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में आरोपियों को संरक्षण देने और फरार कराने में मदद करने वाले नरेश जाटव, भानु गुर्जर, गौरव मौर्य उर्फ संजू, तुलसीराम जाटव, राजेंद्र शर्मा और प्रीति लहरिया को भी गिरफ्तार किया है. वहीं आरोपियों के कब्जे से एक रॉयल एनफील्ड बुलेट, एक .315 बोर बंदूक और दो देशी कट्टे जब्त किए हैं.
मुख्य आरोपी गुलशन यादव पर 26 आपराधिक मामले दर्ज…
पूछताछ में यह भी पता चला कि मुख्य आरोपी गुलशन यादव भिंड जिले का हिस्ट्रीशीटर है. उसके खिलाफ वर्ष 2012 से 2026 तक हत्या, हत्या के प्रयास, डकैती, लूट, अवैध वसूली, मारपीट, आर्म्स एक्ट, आबकारी और जुआ अधिनियम सहित 26 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं.
अन्य आरोपियों का भी लंबा आपराधिक रिकॉर्ड…
चंद्रकांत उर्फ डीलू लहारिया पर 12 गंभीर मामले दर्ज हैं, जिनमें हत्या के प्रयास, लूट, मारपीट, एससी एसटी एक्ट और आर्म्स एक्ट के अपराध शामिल हैं. वहीं गौरव जाटव के खिलाफ 6 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं, जिनमें हत्या के प्रयास, मारपीट, धमकी और वर्तमान हत्याकांड का मामला शामिल है.जबकि सत्यबीर उर्फ सत्ते पर 2 प्रकरण दर्ज हैं, जिनमें अपहरण, मारपीट तथा वर्तमान हत्याकांड शामिल है

Next Post

साइबर ठगी के आरोपी को खजराना पुलिस ने दबोचा, हैदराबाद पुलिस को सौंपा

Sun Jun 28 , 2026
इंदौर:ऑनलाइन लाखों रुपए की साइबर ठगी के मामले में फरार चल रहे आरोपी को खजराना पुलिस ने हैदराबाद पुलिस की मदद से गिरफ्तार कर लिया. आरोपी की लोकेशन खजराना और पलासिया क्षेत्र में मिलने पर संयुक्त कार्रवाई कर उसे हिरासत में लिया. गिरफ्तार आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर हैदराबाद ले […]

You May Like