नयी दिल्ली, 27 जून (वार्ता) कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष एवं लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने पार्टी के महासचिवों, प्रभारियों, प्रदेश अध्यक्षों तथा अनुसांगिक संगठनों के प्रमुखों को पत्र लिखकर युवा कांग्रेस और छात्र इकाई एनएसयूआई के ‘छात्रों की गूंज’ अभियान को सफल बनाने के लिए सहयोग देने का आह्वान किया है। श्री गांधी ने शनिवार को कांग्रेस महासचिवों, प्रभारियों, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्षों, विभिन्न संगठनों के प्रमुखों तथा जिला एवं शहर कांग्रेस अध्यक्षों को लिखे पत्र में कहा कि प्रश्नपत्र लीक, परीक्षाओं के रद्द होने, भर्तियों में देरी, सरकारी पद खाली रहने, बढ़ती बेरोजगारी और शिक्षा की बढ़ती लागत ने देश के युवाओं और उनके परिवारों को गंभीर संकट में डाल दिया है।
उन्होंने कहा कि कोटा में शुरू किये गये ‘छात्रों की गूंज’ अभियान का उद्देश्य युवाओं के साथ हो रहे अन्याय और शिक्षा व्यवस्था की खामियों को देशभर में उजागर करना है। उन्होंने कांग्रेस नेताओं से इस अभियान के प्रभावी संचालन के लिए आईवाईसी और एनएसयूआई को पूरा सहयोग और समन्वय देने का आग्रह किया। श्री गांधी ने कहा कि सभी को मिलकर ऐसी व्यवस्था की नींव रखनी होगी, जो युवाओं को अवसर, सहयोग और बेहतर भविष्य प्रदान करे।

