
बिजावर। अनुभाग अंतर्गत किशनगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम देवरा के पास स्थित हथनीटोर नदी में पिकनिक मनाने गए एक 20 वर्षीय युवक की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है, जबकि मृतक के गांव सटई में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार सटई निवासी मनोज जाटव (20), पिता भगवानदास जाटव, अपने करीब आठ साथियों के साथ हथनीटोर नदी पर पिकनिक मनाने और पार्टी करने गया था। सभी युवक नदी किनारे समय बिता रहे थे। इसी दौरान मनोज अपने साथियों के साथ नदी में नहाने उतरा, लेकिन अचानक वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। साथियों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही ताजिये के त्योहार के दौरान क्षेत्र में ड्यूटी पर तैनात कुपी चौकी प्रभारी जगदीश शिवहरे अपनी टीम और 5-6 स्थानीय ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से नदी में रेस्क्यू अभियान चलाया। काफी देर की मशक्कत के बाद मनोज का शव नदी से बाहर निकाला गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा, वहीं पिकनिक में शामिल अन्य नौजवानों से घटना के संबंध में पूछताछ की जा रही है, ताकि हादसे के सही कारणों का पता लगाया जा सके।
