
अनूपपुर, नवभारत। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत खांडा गांव के बड़काटोला में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में कुएं की सफाई कर रहे अधेड़ की करंट लगने से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार बड़काटोला निवासी दालचंद महरापिता लल्ला महरा उम्र 40 वर्ष अपने भाई तीरथ महरा एवं मनोज कुशवाहा के साथ घर के कुएं की सफाई कर रहे थे। सफाई के दौरान पानी निकालने वाले पंप को बाहर निकाल लिया गया था, लेकिन कुएं के भीतर एक नंगा बिजली का तार झूल रहा था, जिसमें विद्युत प्रवाहित हो रही थी। कार्य के दौरान दालचंद महरा का हाथ अचानक उस तार से छू गया, जिससे उन्हें जोरदार करंट लग गया और वे गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन एवं ग्रामीण तत्काल उन्हें जिला अस्पताल अनूपपुर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस परिजनों की उपस्थिति में पंचनामा कार्रवाई कराई तथा पोस्टमार्टम उपरांत शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया। मामले की जानकारी अग्रिम वैधानिक कार्रवाई हेतु कोतवाली थाना अनूपपुर को भेज दी गई है।
