शराब बेचने-पीने वालों पर लगेगा 25 हजार का जुर्माना

मंडला: जिले के विकासखंड मोहगांव अंतर्गत ग्राम पंचायत कौआडोंगरी के पोषक ग्राम सकरी और खैरी रैयत में नशा मुक्ति अभियान के तहत ग्रामीणों ने विशाल रैली का आयोजन किया। गांव को पूरी तरह नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से आयोजित इस रैली में गांव की महिलाएं, पुरुष और युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। रैली में ग्राम पंचायत सरपंच हरदयाल भवेदी भी शामिल थे।

रैली के बाद बैठक आयोजित की गई, जिसमें नशाखोरी को खत्म करने के लिए कठोर निर्णय लिए गए। बैठक में यह तय किया गया कि गांव में शराब बनाने या पीने वाले व्यक्ति से 25 हजार का जुर्माना वसूला जाएगा। इसके साथ ही शराब बनाने या पीने वाले का पता बताने वाले व्यक्ति को पांच हजार का नकद इनाम दिया जाएगा।
बताया गया कि आयोजित बैठक में सभी ग्रामवासियों ने सामूहिक रूप से शपथ ली कि वे अपने गांव को पूरी तरह नशा मुक्त बनाएंगे।

ग्रामीणों का मानना है कि नशा एक सामाजिक बुराई है, जो परिवारों को बर्बाद कर देती है और गांव के विकास में बाधा बनती है। इस पहल के माध्यम से वे एक स्वस्थ और सुरक्षित समाज का निर्माण करना चाहते हैं। ग्रामीणों ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य सिर्फ जुर्माना लगाना नहीं, बल्कि लोगों को नशा छोडऩे के लिए प्रेरित करना है। यह अभियान न केवल गांव में शांति और सद्भाव स्थापित करेगा, बल्कि युवाओं को भी एक बेहतर भविष्य की दिशा में आगे बढऩे में मदद करेगा। इस तरह की पहल से उम्मीद है कि अन्य गांव भी इससे प्रेरणा लेंगे और अपने-अपने क्षेत्रों में इसी तरह के अभियान चलाकर नशा मुक्त समाज का निर्माण करेंगे।

Next Post

भंवरकुआं में बिना लाइसेंस लाखों के पटाखे जब्त

Wed Sep 24 , 2025
इंदौर:भंवरकुआं पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में अवैध पटाखे जब्त किए हैं. पालदा स्थित खंडेलवाल कंपाउंड में मनोज कोठारी निवासी मल्हारगंज की दुकान पर छापामार कार्रवाई की गई. तलाशी में दुकान के प्रथम तल से 200 कार्टून और 80 बोरियों में भरे पटाखे मिले, जिनकी कीमत करीब 6 […]

You May Like

मनोरंजन