अवैध रेत खनन रोकने पर तहसीलदार एवं राजस्व अमले को दी गोली मारने की धमकी

शिवपुरी। बदरवास तहसील के ग्राम सड़बूड़ रोड स्थित सिंध नदी के पास शासकीय भूमि पर अवैध मिट्टी उत्खनन की सूचना मिलने पर तहसीलदार सचिन भार्गव राजस्व अमले के साथ मौके पर पहुंचे। टीम में पटवारी, कोटवार और शासकीय वाहन चालक सुनील कुमार प्रजापति भी शामिल थे। अवैध खनन रोकने पर तहसीलदार एवं राजस्व अमले को गोली मारने की धमकी दी गई।

राजस्व टीम ने मौके पर देखा कि घाट तक रेत उत्खनन के लिए रास्ता बनाया जा रहा था। शासकीय भूमि पर एक हाइड्रा और दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से मिट्टी का अवैध उत्खनन हो रहा था। अधिकारियों ने कार्रवाई करते हुए वाहनों को जब्त करने का प्रयास किया, जिस पर आरोपियों ने विरोध शुरू कर दिया।

इसी दौरान जयमंडल यादव ने तहसीलदार को धमकाते हुए कहा कि रुक जाइए, नहीं तो गोली मार दूंगा और जेल चला जाऊंगा। उसने कथित तौर पर अपने बेटे विकुल यादव से घर से बंदूक लाने को भी कहा, यह कहते हुए कि आज इन सबको गोली मार दूंगा। आरोपियों ने राजस्व अमले के साथ गाली-गलौज की और शासकीय कार्य में बाधा डाली। हंगामे के बीच, आरोप है कि एक हाईड्रा और एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को मौके से भगा दिया गया। हालांकि, मिट्टी से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को राजस्व अमले ने जब्त कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया।

कोटवार सुनील कुमार प्रजापति की शिकायत पर बदरवास थाना पुलिस ने जयमंडल यादव, उसके पिता लाखन यादव और बेटे विकुल यादव के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं और खान एवं खनिज अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Next Post

सजा जितनी कड़ी होगी, सबूत भी होने चाहिये उतने ही पुख्ता

Fri Jun 26 , 2026
जबलपुर। हाईकोर्ट जस्टिस विवेक अग्रवाल तथा जस्टिस ए के सिंह की युगलपीठ ने अपने महत्वपूर्ण आदेश में कहा है कि कानून का यह स्थापित नियम है कि सजा जितनी कड़ी होगी, सबूत भी उतने ही पुख्ता होने चाहिए। दोषसिद्धि केवल अनुमानों और अटकलों पर आधारित नहीं हो सकती। शक चाहे […]

You May Like