मुंबई, 12 सितंबर (वार्ता) सन नियो ने अपने नए ओरिजिनल शो सत्या साची की घोषणा की है, जो दो बहनों के अटूट रिश्ते को समर्पित एक दिल को छू लेने वाली कहानी है।
दर्शकों के उत्साह को और बढ़ाते हुए, चैनल ने अब इसका पहला प्रोमो रिलीज कर दिया है, जिसमें मुख्य किरदारों के चेहरे सामने आए हैं। जहाँ साची की भूमिका में नज़र आ रही हैं अभिनेत्री भाग्यश्री मिश्रा और सत्या के रूप में अनिंदिता साहू दिखाई दे रही हैं।
शो में साची का किरदार निभा रहीं भाग्यश्री मिश्रा ने अपनी खुशी साझा करते हुए कहा ,“मैं ‘सत्या साची’ शो का हिस्सा बनकर बहुत उत्साहित हूँ क्योंकि यह एक साधारण डेली सोप नहीं बल्कि दो बहनों की भावनात्मक यात्रा है। साची के किरदार में मुझे एक ऐसी लड़की के प्यार, संघर्ष और हिम्मत को स्क्रीन पर प्रदर्शित करने का मौका मिलेगा, जिसे अपनी बहन के रूप में एक संरक्षक मिलती है। सत्या और साची का रिश्ता बेहद पवित्र और दर्शकों को जोड़ने वाला है। मुझे विश्वास है कि दर्शक इस किरदार को पूरे दिल से अपनाएँगे।”
वहीं सत्या की भूमिका निभा रही अनिंदिता साहू ने कहा,“सत्या का किरदार निभाना मेरे लिए बेहद खास है क्योंकि यहाँ न ग्लैमर है, न ही दिखावटी ड्रामा, बल्कि यह दो बहनों के रिश्ते की सच्ची और भावनात्मक दास्तान है। सत्या मजबूत, निडर और अपनी बहन की रक्षक है और इस किरदार के जरिए मैं दो बहनों के प्यार के उस रंग को दिखा पा रही हूँ जो हमेशा हर मोड़ पर साथ चलती हैं। मुझे पूरा यकीन है कि दर्शक दो बहनों के इस भावनात्मक सफर को महसूस कर पाएंगे।”
