
छतरपुर। चंदला थाना क्षेत्र के सिलगांव स्थित प्राथमिक विद्यालय में संदिग्ध पटाखा बम फटने से दो मासूम छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। दोनों बच्चों का अस्पताल में उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार 24 जून को 8 वर्षीय कालका दीन राजपूत और उसका साथी राहुल राजपूत विद्यालय परिसर में खेल रहे थे। इसी दौरान उन्हें एक संदिग्ध पटाखा जैसी वस्तु मिली। दोनों बच्चे उसे उठाकर स्कूल की जर्जर इमारत की ओर ले गए। छेड़छाड़ करते ही उसमें जोरदार विस्फोट हो गया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
परिजनों का आरोप है कि 22 जून को विद्यालय परिसर में रुकी एक बारात के दौरान इस्तेमाल किया गया पटाखा वहीं छूट गया था, जिसे बच्चों ने खेल-खेल में उठा लिया। उनका दावा है कि विस्फोट इतना तेज था कि स्कूल भवन की छत में भी दरारें आ गईं।
घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है। उन्होंने सार्वजनिक कार्यक्रमों में खतरनाक पटाखों के इस्तेमाल पर रोक लगाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और बारात में शामिल लोगों की भूमिका की पड़ताल कर रही है।
