भीषण आग से इलेक्ट्रॉनिक दुकान खाक, लाखों रूपये की क्षति

बरगवां। नगर परिषद बरगवां के सब्जी मंडी स्थित एक इलेक्ट्रॉनिक दुकान में शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई, जिससे लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया। हालांकि इस दौरान किसी भी प्रकार की जनहानि नही हुई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरी दुकान लपटों में घिर गई। दुकान में रखे टीवी, पंखे, वायरिंग, इन्वर्टर सहित अन्य महंगे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह जल गए। आग की ऊंची लपटें और उठता धुआं दूर से ही दिखाई दे रहा था, जिससे आसपास के दुकानदारों में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और थाना पुलिस मौके के लिए रवाना हुई। साथ ही म.प्र. पुलिस की स्थानीय टीम एवं डायल 112 भी पहुंची। हालांकि जब तक दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचतीं, तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी। आसपास के व्यापारियों ने अपने स्तर पर पानी और अग्निशमन यंत्रों से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन लपटें लगातार तेज होती रहीं। कड़ी मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड और स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया गया। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। त्योहार के बीच हुई, इस आगजनी की घटना से व्यापारियों में दहशत का माहौल है और क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही। स्थानीय व्यापारियों ने नगर परिषद के अध्यक्ष एवं सीएमओ से स्थानीय बाजार क्षेत्र में फायर सेफ्टी व्यवस्था मजबूत करने की मांग करते हुये कहा है कि यह एरिया काफी संवेदनशील है और फायर ब्रिगेड की संख्या में इजाफा की आवश्यकता है। गर्मी का सीजन आ रहा है, खेत-खलिहानों में आग लगने की संभावना बनी रहती है।

Next Post

छत्तीसगढ़ में सुरक्षाबलों ने हथियार बरामद किए

Thu Mar 5 , 2026
नारायणपुर, 05 मार्च (वार्ता) छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में नक्सल विरोधी अभियान के तहत भारत तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) की 38वीं वाहिनी और पुलिस ने अबुझमाड़ के घने जंगलों में नक्सलियों द्वारा छुपाकर रखे गए एक विशाल हथियार डम्प को बरामद किया है। यह जानकारी गुरुवार को आधिकारिक तौर पर […]

You May Like