छत्तीसगढ़ में सुरक्षाबलों ने हथियार बरामद किए

नारायणपुर, 05 मार्च (वार्ता) छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में नक्सल विरोधी अभियान के तहत भारत तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) की 38वीं वाहिनी और पुलिस ने अबुझमाड़ के घने जंगलों में नक्सलियों द्वारा छुपाकर रखे गए एक विशाल हथियार डम्प को बरामद किया है।

यह जानकारी गुरुवार को आधिकारिक तौर पर दी गई है। पुलिस के अनुसार यह सफलता बुधवार (04 मार्च) बुधवार को हासिल की गई, जब अग्रिम चौकी आदेर से संचालित ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों के एक छुपे हुए डम्प को ढूंढने में सफलता मिली। इस डम्प से भरमार राइफल और 2.250 किलोग्राम कॉरडाईट पाउडर (हाई एक्सप्लोसिव) बरामद किया गया है। यह विस्फोटक आईईडी बनाने और बड़ी वारदातों को अंजाम देने के लिए इस्तेमाल किया जाता था।

जानकारी के ही मुताबिक नक्सली डम्प की सटीक सूचना मिलने के बाद 38वीं वाहिनी के कमांडेंट रोशन सिंह असवाल के कुशल मार्गदर्शन में यह अभियान शुरू किया गया। एडीपी/कैशो टीम ने सीओबी आदेर से लगभग तीन किलोमीटर दक्षिण में स्थित कोण्डाकोटी के जंगली इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाया। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और घने जंगलों के बावजूद जवानों ने इस मुहिम को अंजाम दिया।

डम्प मिलने के बाद ऑपरेशन कमांडर उदित नारायण (सहायक सेनानी) ने तत्परता दिखाते हुए सीओबी कुडमेल स्थित 38वीं वाहिनी की बम निरोधक टीम (बीडीडीएस) को तुरंत मौके पर बुलाया। बम निरोधक दस्ते ने पूरी सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए बरामद सामग्री की गहन जांच की। किसी भी प्रकार की संभावित विस्फोटक घटना से बचने के लिए यह प्रक्रिया अपनाई गई। बीडीडीएस क्लियरेंस के बाद सभी बरामद सामग्री को सुरक्षित रूप से सीओबी आदेर लाया गया।

गौरतलब है कि इस संपूर्ण अभियान के दौरान किसी भी प्रकार की जनहानि या सुरक्षा बलों को क्षति नहीं पहुंची है। सभी जवान सकुशल अपने कैम्प लौट आए। बरामद किए गए नक्सल सामग्री का विधिवत जब्ती मेमो तैयार कर उसे थाना नारायणपुर को सौंपने की कार्यवाही की जा रही है, ताकि आगे की वैधानिक प्रक्रिया सुनिश्चित की जा सके।

38वीं वाहिनी ने यह भी स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी अबूझमाड़ क्षेत्र की सुरक्षा, विकास और शांति के लिए इसी प्रकार के सघन सर्च ऑपरेशन जारी रखे जाएंगे। सुरक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि यह अभियान नक्सलियों के लिए एक बड़ा झटका है। इस सफलता को केंद्र सरकार के 31 मार्च 2026 तक नक्सल मुक्त भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में देखा जा रहा है।

 

Next Post

3 किलो अफीम जब्त, तस्कर गिरफ्तार

Thu Mar 5 , 2026
नीमच। केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने नीमच जिले के मनासा क्षेत्र में एक बाइक सवार युवक को 3 किलो अवैध अफीम के साथ गिरफ्तार किया है। जब्त अफीम की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत […]

You May Like