छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी का कहर जारी

रायपुर, 23 मई (वार्ता) छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी का कहर जारी है। प्रदेश में लगातार शुक्रवार को चौथे दिन भी भीषण लू का असर बना रहा, जबकि दिन के साथ-साथ रात का तापमान भी लोगों को बेहाल कर रहा है। हालात ऐसे हैं कि दर्ज तापमान से कहीं अधिक गर्मी महसूस की जा रही है।

प्रदूषण एवं मौसम विश्लेषण मंच एक्यूआई.इन के अनुसार शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे राजधानी रायपुर का तापमान 46 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिसके साथ यह दुनिया के सबसे गर्म शहरों की सूची में 19वें स्थान पर पहुंच गया। शाम ढलने के बाद भी गर्मी से राहत नहीं मिली और रात करीब साढ़े सात बजे रायपुर में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस बना रहा, जो सूडान के खार्तूम के बाद उस समय विश्व में दूसरा सर्वाधिक तापमान बताया गया।

इसी दौरान भिलाई और दुर्ग में भी तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोनों शहर शाम साढ़े सात बजे दुनिया के सबसे गर्म शहरों की सूची में क्रमशः 11वें और 18वें स्थान पर रहे। महासमुंद में भी तापमान 41 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

हालांकि मौसम विज्ञान केंद्र रायपुर के अनुसार कल राजधानी का अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने बताया कि पश्चिम दिशा से आ रही शुष्क और गर्म हवाओं के कारण प्रदेश में दिन और रात दोनों का तापमान सामान्य से काफी ऊपर चल रहा है। सुबह आठ बजे से ही गर्म हवाओं का असर शुरू हो जा रहा है तथा दोपहर होते-होते तापमान 40 डिग्री के करीब पहुंच जा रहा है। घरों की छतों पर रखे ओवरहेड टैंकों का पानी तक गर्म हो रहा है।

इस बीच बिलासपुर जिले के मस्तूरी थाना क्षेत्र में भीषण गर्मी के बीच एक बुजुर्ग का शव मिलने से सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार लगभग 75 वर्षीय व्यक्ति का शव बाजार क्षेत्र में एक जूता दुकान के बाहर मिला। ग्रामीणों ने बताया कि वह पिछले दो माह से जोंधरा क्षेत्र में रहकर भिक्षावृत्ति के जरिए जीवन यापन कर रहा था तथा पिछले दो दिनों से बीमार चल रहा था। भीषण गर्मी और लू के बीच वह बाजार के पास ही पड़ा रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मस्तूरी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक तौर पर लू से मौत की आशंका जताई जा रही है।

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि प्रदेश में आगामी 27 मई तक भीषण गर्मी और लू का प्रभाव जारी रह सकता है। इस दौरान प्रदेश के एक-दो क्षेत्रों में लू चलने की संभावना है तथा दिन और रात के तापमान में फिलहाल किसी बड़े बदलाव के आसार नहीं हैं।

Next Post

मद्रास क्रिकेट क्लब वॉक ओवर मिलने से सेमीफाइनल में

Sat May 23 , 2026
नयी दिल्ली, (वार्ता) शुक्रवार, को होने वाले तीसरे दौर के पहले और प्रतियोगिता का सोलहवें मैच मद्रास क्रिकेट क्लब” और “तिलक नगर कोल्ट्स क्रिकेट क्लब” के बीच खेला जाना था, जोकि तिथि पर असमंजस की स्थिति के चलते, तिलकनगर कोल्ट्स क्रिकेट क्लब के मैदान पर निर्धारित समय तक नहीं पहुंचने […]

You May Like