राकेश पाल बने जिला बार के नए अध्यक्ष, धर्मेंद्र गुर्जर सचिव; पल्लविका अध्यारु पहली निर्वाचित महिला कोषाध्यक्ष होंगी

इंदौर: इंदौर अभिभाषक संघ के वार्षिक चुनाव में देर रात से चली मतगणना के बाद शुक्रवार सुबह परिणाम घोषित किए. अध्यक्ष पद पर राकेश पाल ने 55 मतों से जीत दर्ज कर जिला बार की कमान संभाली. उन्होंने पूर्व अध्यक्ष राजेश खंडेलवाल को पराजित किया. सचिव पद पर अंतिम दौर में बड़ा उलटफेर करते हुए धर्मेंद्र गुर्जर ने शुरुआती बढ़त बनाए हुए रोहित दातरे को 125 मतों से हराया. वहीं पल्लविका अध्यारु जिला बार के इतिहास में पहली निर्वाचित महिला कोषाध्यक्ष बनीं. उपाध्यक्ष पद पर जितेंद्र नीम और सहसचिव पद पर निमेष सोलंकी विजयी घोषित किए.

गुरुवार शाम मतदान समाप्त होने के बाद मतगणना शुरू हुई, जो पूरी रात चलने के बाद शुक्रवार सुबह पूरी हुई. इस बार लगभग सभी प्रमुख पदों पर कांटे की टक्कर रही और कई राउंड तक परिणाम बदलते रहे. सबसे अधिक रोमांच अध्यक्ष, सचिव और सहसचिव पद के चुनाव में देखने को मिला. अध्यक्ष पद के लिए इस बार रिकॉर्ड आठ उम्मीदवार मैदान में थे. शुरुआती राउंड से राकेश पाल बढ़त बनाए हुए थे, हालांकि एक चरण में वे पीछे भी हो गए, लेकिन अंतिम दौर में उन्होंने वापसी करते हुए 55 मतों से जीत दर्ज की. सचिव पद पर पांच प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे. मतगणना के शुरुआती दौर में रोहित दातरे लगातार अच्छी बढ़त बनाए हुए थे, लेकिन अंतिम राउंड में समीकरण बदल गए और धर्मेंद्र गुर्जर ने 125 मतों से जीत हासिल कर बड़ा उलटफेर कर दिया.

वहीं सहसचिव पद पर भी मुकाबला बेहद रोचक रहा. शुरुआती दौर में विकास चौबे आगे रहे, बाद में अक्षय वाजपेयी ने बढ़त बना ली, लेकिन अंतिम चरण में निमेष सोलंकी ने सभी को पीछे छोड़ते हुए जीत दर्ज कर ली.इस चुनाव की एक और बड़ी उपलब्धि पल्लविका अध्यारु का कोषाध्यक्ष चुना है. वह इंदौर अभिभाषक संघ की पहली निर्वाचित महिला कोषाध्यक्ष बनी हैं. इस बार कोषाध्यक्ष का पद महिला अधिवक्ता के लिए आरक्षित था. कार्यकारिणी सदस्य के छह पदों में से दो पद भी महिला अधिवक्ताओं के लिए आरक्षित रखे गए थे. चुनाव में अध्यक्ष पद पर तीन पूर्व अध्यक्ष भी मैदान में थे. इनमें तत्कालीन पूर्व अध्यक्ष लखनलाल यादव के अलावा रवींद्र सिंह गौड़ और गोपाल कचोलिया शामिल थे, लेकिन तीनों को हार का सामना करना पड़ा. इस बार चुनाव में अधिकांश पदों पर कड़ा मुकाबला देखने को मिला. उपाध्यक्ष और सहसचिव पद के लिए सात सात प्रत्याशी मैदान में थे, जबकि कोषाध्यक्ष पद के लिए पांच उम्मीदवारों ने चुनाव लड़ा.
विवाद भी हुआ था…
सूत्रों ने बताया कि मतगणना के दौरान जिला कोर्ट परिसर के पिछले हिस्से में कुछ लोगों के बीच विवाद हो गया था. सूचना पर पहुंची पुलिस ने समझाइश का प्रयास किया, इसी दौरान किसी ने पत्थर फेंक दिया, जिससे एक पुलिस अधिकारी के घायल होने की जानकारी सामने आई हैं, मगर किसी ने भी इसकी पुष्टि नहीं की. घटना के बाद कुछ देर के लिए परिसर में तनाव की स्थिति बन गई, हालांकि बाद में मामला शांत हो गया

Next Post

एआई वैज्ञानिकों के इस्तीफे से वैश्विक बाजार में हाहाकार, गूगल के दो दिग्गजों के जाने से निवेशकों को अरबों डॉलर का झटका

Fri Jun 26 , 2026
नई दिल्ली | एआई क्षेत्र के दो प्रमुख वैज्ञानिकों, नोम शजीर और जॉन जंपर के गूगल छोड़ने के ऐलान ने वैश्विक शेयर बाजार को झकझोर कर रख दिया है। इन दिग्गजों के इस्तीफे के बाद अल्फाबेट के मार्केट कैप से लगभग 270 अरब डॉलर और एनवीडिया को 200 अरब डॉलर […]

You May Like