सतना: जिले के कोटर थाना क्षेत्र में एक ठेकेदार और दो मजदूरों से 45 हजार रुपये लूट लिए गए। बदमाशों ने पीड़ितों के साथ मारपीट की और हवाई फायर भी किया, जिससे तीनों घायल हो गए। यह घटना शुक्रवार देर शाम माधवपुर स्थित नहर के पास हुई।पीड़ितों की पहचान ठेकेदार राम सुदर्शन वर्मा और मजदूर गिरीश साकेत व प्रथमेश साकेत के रूप में हुई है। वे बड़ी सेमरिया में अश्वनी अग्रवाल द्वारा दिए गए मंदिर निर्माण कार्य में मजदूरी कर रहे थे।
काम समाप्त करने के बाद तीनों बाइक से अपने गांव नई बस्ती रजरवार लौट रहे थे। माधवपुर नहर के पास एक चारपहिया वाहन और बाइकों पर सवार करीब 15 लोगों ने उनका रास्ता रोक लिया। पीड़ितों ने बताया कि बदमाशों के पास कट्टा और अन्य हथियार थे। हमलावरों ने कट्टा और पिस्टल दिखाकर तीनों के साथ मारपीट की। राम सुदर्शन वर्मा ने बताया कि मंदिर निर्माण कार्य के एवज में उन्हें 45 हजार रुपये का भुगतान मिला था, जो उनके पास था। बदमाशों ने मारपीट के दौरान ये रुपये छीन लिए और मौके से फरार हो गए।
गोली मारने की धमकी
पीड़ितों का आरोप है कि वारदात के दौरान बदमाशों ने हवाई फायर भी किया और धमकी दी कि यदि घटना की जानकारी किसी को दी गई तो उन्हें घर में घुसकर गोली मार दी जाएगी। इसके बाद डायल-112 को सूचना दी गई और एंबुलेंस की मदद से तीनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। सूचना मिलने के बाद कोटर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है और पूरे घटनाक्रम की छानबीन कर रही है।
