सतना: विंध्य क्षेत्र के सबसे महत्वपूर्ण और व्यस्त रेलवे स्टेशनों में शामिल सतना रेलवे स्टेशन पर अवैध वेंडरों की गतिविधियां थमने का नाम नहीं ले रही हैं। रेलवे प्रशासन भले ही समय-समय पर अवैध वेंडरों पर कार्रवाई और रोक लगाने के दावे करता रहा हो, लेकिन जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग दिखाई दे रही है।स्टेशन परिसर में खुलेआम सक्रिय अवैध वेंडर न केवल नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं, बल्कि यात्रियों की सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा बने हुए हैं।
करीब दो सौ ट्रेनों की आवाजाही वाले इस व्यस्त रेलवे स्टेशन पर जैसे ही कोई ट्रेन प्लेटफॉर्म पर पहुंचती है, अवैध वेंडर यात्रियों तक पहुंचने के लिए दौड़ पड़ते हैं। बिना किसी अधिकृत अनुमति के प्लेटफॉर्म और ट्रेनों में घूमकर सामान बेचने वाले ये लोग नियमों को चुनौती देते नजर आते हैं। हैरानी की बात यह है कि उनकी गतिविधियों से रेलवे प्रबंधन भी अनभिज्ञ नहीं है, फिर भी स्थिति में कोई खास सुधार देखने को नहीं मिल रहा है।
