
झाबुआ। प्रोग्रेसिव पेंशनर्स एसोसिएशन मप्र के प्रांताध्यक्ष ओमप्रकाश बुधोलिया के निर्देश पर प्रदेश के पेंशनरों की 6 सूत्रीय लंबित मांगों को लेकर चरणबद्ध आंदोलन किया जा रहा है। इसी क्रम में आगामी 30 जून को संगठन की जिला समिति द्वारा जिला स्तरीय धरना, रैली एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा जाएगा। जानकारी देते हुए एसोसिएशन जिलाध्यक्ष ललित त्रिवेदी एवं जिला सचिव राजेंद्रप्रसाद जोशी ने बताया कि पेंशनरों की 6 सूत्रीय मांगों को लेकर संगठन द्वारा पिछले लंबे समय से लगातार मध्यप्रदेश सरकार एवं प्रशासन को अवगत करवाने के बाद भी ध्यान नहीं दिया जा रहा है। जिससे प्रदेशभर में पेंशनरों में तीव्र आक्रोश और नाराजगी है। संगठन के प्रांताध्यक्ष श्री बुधौलिया के मार्गदर्शन में एसोसिएशन द्वारा तीन चरणों में आंदोलन किया जा रहा है। जिसके पहले चरण में विगत 10 जून को प्रदेशभर में तहसील स्तरों पर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा गया। मांगों के संबंध में कोई पहल नहीं होने पर 30 जून, मंगलवार सुबह 10.30 बजे जिलेभर से पेंशनर्स संगठन के बेनर तले डीआरपी लाइन स्थित अंबेडकर पार्क में एकत्रित होंगे। यहां मांगों को लेकर धरना दिया जाएगा। बाद रैली के रूप में कलेक्ट्रोरेट पहुंचकर मप्र के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नाम ज्ञापन जिला प्रशासन को प्रेषित किया जाएगा। इसके बाद भी मांगे पूरी नहीं होने पर आगामी 22 जुलाई को राजधानी भोपाल में जंगी धरना प्रदर्शन एवं आंदोलन का आयोजन होगा। प्रोग्रेसिव पेंशनर्स एसोसिएशन द्वारा जिले के समस्त पेंशनरों और एसोसिएशन के जिला एवं तहसील पदाधिकारी-सदस्यों आदि से 30 जून को होने वाले आंदोलन में बड़ी संख्या में भाग लेने हेतु अपील की है।
इसी क्रम में प्रोग्रेसिव पेंशनर्स एसोसिएशन द्वारा जिलाधीश डाॅ. योगेश तुकाराम भरसट से सौजन्य भेंट की गई। नवागत कलेक्टर का पुष्पगुच्छ भेंटकर अभिनंदन किया गया एवं उन्हें जिला स्तरीय मांगों का पत्र देकर उन पर उचित कार्रवाई हेतु मांग की गई। इस अवसर पर संगठन जिलाध्यक्ष ललित त्रिवेदी, जिला सचिव राजेंद्रप्रसाद जोशी, जिला कोषाध्यक्ष पीडी रायपुरिया, जिला सह-सचिव अशोक चौहान आदि उपस्थित रहे।
