मोहाली, 25 जून (वार्ता) पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने गुरुवार को दावा किया है कि सोशल मीडिया पर वायरल हुआ कथित विवादित वीडियो फर्जी है और इसे उनके जैसा मास्क पहनाकर तैयार किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि कनाडा स्थित जगमन समरा ने इस साजिश को अंजाम दिया।
मीडिया के सामने सबूत पेश करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वीडियो कनाडा के एक होटल में शूट किया गया, जबकि वह वर्ष 2016 के बाद कनाडा नहीं गये। उन्होंने कहा कि मामले की जांच के लिए सभी साक्ष्य श्री अकाल तख्त साहिब और पुलिस को सौंपे जाएंगे। श्री मान ने आरोप लगाया कि राजनीतिक विरोधी उन्हें धार्मिक आधार पर बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस कथित साजिश के पीछे शामिल लोगों और वित्तपोषकों का भी जल्द खुलासा किया जाएगा।
