तेहरान, 25 जून (वार्ता) ईरान ने हालिया युद्ध को समाप्त करने वाले समझौते पर अमेरिका के विरोधाभासी बयानों को लेकर कड़ी आपत्ति जताते हुये चेतावनी दी है कि ऐसी बयानबाजी से अमेरिका के प्रति ईरान का अविश्वास और गहरा होगा। ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर बुधवार रात कहा कि अमेरिकी नेतृत्व ने ईरानी जनता के साथ कभी ईमानदारी नहीं दिखाई। उन्होंने कहा कि संदेह की बड़ी वजहें होने के बावजूद ईरान ने शांति के लिए नेक नीयत से इस समझौते पर हस्ताक्षर किये थे।
श्री बघाई ने स्पष्ट किया कि ईरान किसी एक समझौते के भरोसे नहीं बैठने वाला। देश के प्रति अमेरिकी शत्रुता को देखते हुए ईरान पिछले पांच दशकों और खासकर पिछले 18 महीनों के कड़वे अनुभवों से सीख लेकर आगे फूंक-फूंक कर कदम रखेगा। प्रवक्ता ने कहा कि अमेरिकी बयानों में विरोधाभास उनके पुराने वादों से मुकरने की याद दिलाता है। उन्होंने जोर दिया कि ‘प्रतिबद्धता के बदले प्रतिबद्धता’ का नियम दोनों पक्षों पर समान रूप से लागू होता है, इसलिए अमेरिका को समझौते की मनमानी व्याख्या करने से बचना चाहिए।

